रायपुर। राजधानी में अब सायबर संगवारी अभियान चलाया जाएगा। लगातार बढ़ती आनलाइन ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए इसकी शुरूवात की जा रही है। पुलिस इसके जरिये आम लोगों को ठगों से बचने के लिए जागरुक करेगी।
इसके लिए पुलिस शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके मार्केट से लेकर मॉल में जाकर लोगों को आॅनलाइन ठगी करने वालों के पैंतरे बताकर उनसे बचने के तरीके बताएगी।
एसएसपी अजय यादव ने बताया कि क्राइम का नया ट्रेंड चल रहा है। अपराधी अब सीधे लूटपाट से ज्यादा लोगों को बातों में उलझाकर और हाईटेक तकनीक के माध्यम से लोगों के पैसे चोरी कर रहे हैं। आन लाइन सुविधाएं लोगों का काम आसान करने के लिए है, लेकिन आन लाइन ठगों ने इस सुविधा को ही अपना हथियार बना लिया है। अधिकांश के पास मोबाइल है। मोबाइल का लिंक बैंक खाते से है। लोग सोशल मीडिया से भी जुड़े हुए हैं। आन लाइन ठगी करने वाले जालसाज इन्हीं साधनों का उपयोग कर लोगों के खाते में सेंध लगा रहे हैं। हाईटेक तकनीक की मदद से वे बिना किसी मशक्कत के लोगों के पैसे उड़ा रहे हैं। आनलाइन ठगी से लोगों को बचाने के लिए रायपुर पुलिस सायबर संगवारी अभियान शुरू करेगी। अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि कैसे वे ठगी के शिकार होने से बच सकते हैं। यह अभियान किसी चार दीवारी या मैदान में नहीं होगा। मार्केट से लेकर मॉल समेत ऐसे सार्वजनिक स्थान पर किया जाएगा, जहां लोगों की उपस्थिति ज्यादा होती है।
लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस देश में हो रही ठगी की वीडियो या शॉर्ट फिल्म तैयार कर रही है। शार्ट फिल्म की मदद से बताया जाएगा कि लोगों को किस तरह के कॉल आते हैं? कैसे बातों में उलझाकर लोगों को झांसे में लिया जाता है या ठग अपने जाल में फंसाते हैं? वीडियो के माध्यम से बताया जाएगा। उसमें यह भी दिखाया जाएगा कि कैसे इससे बचा जा सकता हैं। किस तरह की सावधानी अपनानी चाहिए और कैसे अलर्ट रह सकते हैं। इसके लिए पुलिस के जवानों को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। ताकि लोगों को समझाया जा सके और उनके सवालों का जवाब दिया जा सके।