खैरागढ़ उपचुनाव में बंपर जीत पर CM भूपेश बोले- 3 साल में जो काम किए हैं उस पर मतदाताओं ने लगाई मुहर

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में 20 हजार से अधिक वोटों से जीत पर सीएम भूपेश बघेल ने मतदाताओं का आभार जताया। जीत के बाद सीएम हाऊस में भूपेश ने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार खैरागढ़ में कांग्रेस को 56 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। कांग्रेस को कुल 87 हजार वोट मिले हैं, जबकि 2018 के विधानसभा चुनाव में 31 हजार वोट मिले थे। इस चुनाव में कुल मतदान का 53% वोट सिर्फ कांग्रेस को मिले हैं।

सीएम भूपेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव में BJP के कई स्टार प्रचारक आये। पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आये थे। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते आए, बावजूद खैरागढ़ की जनता ने कांग्रेस के विकास पर भरोसा जताया है। सीएम ने कहा कि इस जीत के बाद सबसे ज्यादा नुकसान डॉ. रमन सिंह को होगा। उनके लिए यह अलार्मिंग है। उनका राजनीतिक भविष्य खतरे में है।

हार-जीत का पैमाना जिला नहीं हो सकता

सीएम भूपेश ने कहा कि अगर जिला बनाने से चुनाव जीतते तो रमन सिंह ने 8 जिले बनाए थे, तब क्यों हार गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला बनाना एक मुद्दा हो सकता है, लेकिन वह जीत-हार का पैमाना नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भी 8 जिले बनाये थे, उनमें से मुंगेली छोड़कर हर जिले में वो हारे। जिला व तहसील बनाना एक मुद्दा हो सकता है, लेकिन वही जीत का आधार होगा ऐसा कतई नहीं है। नए जिले के गठन पर सीएम भूपेश ने कहा कि खैरागढ़ की जनता ने जनादेश दिया है। वह निश्चिंत रहे। तय समय सीमा में जनता के किया वादा पूरा करेंगे।

2023 के चुनाव में आएगा ऐसा ही परिणाम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह चौथा उपचुनाव था, जिनमें कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। साढ़े तीन साल में अलग-अलग समय में 4 उप चुनाव हुए, यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार हुआ। सीएम भूपेश ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‌BJP ने इसे सत्ता का सेमीफाइनल कहा था, जिसमें उन्हें करारी हार झेलनी पड़ी। भूपेश ने कहा कि 2023 में जब चुनाव होगा तब भी ऐसा ही परिणाम आयेगा। बता दें कि खैरागढ़ उप चुनाव में कांग्रेस को लगभग 87,690 वोट मिले। भाजपा को लगभग 67,524, जेसीसीजे को लगभग 1218 और नोटा वोटो की संख्या लगभग 2480 है। इस चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशियों को छोड़ 8 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।