केबीसी के स्पेशल एपिसोड में दिखाई देंगी पद्मश्री फुलबासन बाई

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। टेलीविजन के पॉपुलर रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति का 12वां अध्याय आज से शुरू होने जा रहा है. हर बार की तरह इस बार भी शो को महानायक अमिताभ बच्चन ही होस्ट कर रहे हैं. हफ्ते में 5 दिन यानी सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी टीवी पर यह कार्यक्रम प्रसारित होगा.

कौन बनेगा करोड़पति का 12वां सीजन छत्तीसगढ़ वासियों के लिए खास होने वाला है. केबीसी के पहले एपिसोड में ही राजधानी रायपुर के सोनू कुमार गुप्ता अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर सवालों का जवाब देते नजर आएंगे. वहीं प्रदेशवासियों के लिए एक और गौरव की बात है कि सामाजिक जीवन में कई उल्लेखनीय कार्यों को महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से करने वाली पद्मश्री से सम्मानित राजनांदगांव की फूलबासन बाई यादव भी ङइउ के स्पेशल एपिसोड में नजर आएंगी.

महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर

पद्मश्री फुलबासन बाई यादव राजनांदगांव के सुकुलदैहान गांव की रहने वाली हैं. उन्हें वर्ष 2012 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने पद्मश्री से सम्मानित किया था. महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से गांव की नियमित रूप से साफ-सफाई, वृक्षारोपण, जलसंरक्षण के लिए सोख्ता गढ्ढा का निर्माण, सिलाई-कढ़ाई सेन्टर का संचालन, बाल भोज, रक्तदान, सूदखोरों के खिलाफ जन-जागरूकता का अभियान, शराबखोरी एवं शराब के अवैध विक्रय का विरोध, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ वातावरण का निर्माण, गरीब एवं अनाथ बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी फुलबासन बाई यादव ने प्रमुख भूमिका अदा की है.

अभिषेक सिंह ने किया ट्वीट

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने लिखा है, बेहद गरीबी से शुरूआत कर आज अपने समूह से लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही राजनांदगांव के सुकुलदैहान ग्राम और छत्तीसगढ़ का गौरव पद्मश्री फूलबासन यादव जी कौन बनेगा करोड़पति के स्पेशल एपिसोड में नजर आएंगी. उन्होंने लिखा, आपका यह सफर देश एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश की सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है.