बीजापुर में पुलिस-नक्सली के बीच हुई मुठभेड़, एक नक्सली ढ़ेर

Chhattisgarh Crimes

बीजापुर। बीजापुर में गुरुवार तड़के सुरक्षाबलों और जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। मारे गए नक्सली के ऊपर एक लाख रुपए का इनाम था। मौके से हथियार सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी कमल लोचन कश्यप ने की है। ज्यादा जानकारी जवानों के लौटने के बाद ही मिल सकेगी।

जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ कुटरू थाना क्षेत्र में दरभा के जंगलों में हुई है। जवान गश्त पर निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधे घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सली मौके से भाग निकले। सर्चिंग के दौरान वहां से एक नक्सली का शव बरामद हुआ। उसकी पहचान एक लाख रुपए के इनामी जनमिलिशिया कमांडर संतोष पोडियाम के रूप में हुई है।

राइफल, पिठ्‌ठू बैग सहित अन्य सामान बरामद

बताया जा रहा है कि मारा गया नक्सली ASI कोरसा नगैया और एक रेंजर की हत्या में शामिल था। मौके से जवानों ने एक राइफल, पिट्ठू बैग, नक्सल सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है। मारे गए नक्सली का शव लेकर जवान लौट रहे हैं। यह कार्रवाई संयुक्त रूप से जिला पुलिस बल और DRG जवानों ने की है। इससे पहले कांकेर में हुई मुठभेड़ में भी जवानों ने 3 नक्सलियों को ढेर किया था।