50 लाख की फिरौती के लिये हुए अपहरण व हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाई

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। न्यायधानी में फिरौती के लिये हुए अपहरण व हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 6 घण्टे के भीतर ही सुलझा लिया पर उस नाबालिग छात्र को सकुशल बरामद करने में पुलिस चुक गई। 50 लाख की फिरौती के लिये नाबालिक को उसके पड़ोसी ने ही अपने साथियो के साथ मिल कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने घटना में शामिल तीनों आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है। वहीँ इस घटना के बाद नाबालिक के घर मे मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार तारबहार थाना क्षेत्र के डिपूपारा में रहने वाले आसिफ मोहम्मद ऑटो डील का व्यवसाय करते हैं। उनका 16 वर्षीय बेटा रेहान कल शाम से घर से निकला था जो कि रात तक वापस नही आया। अचानक रात 11.30 को किडनैपरों ने रेहान के ही फोन से फोन करके 50 लाख की सुपारी मांगी जिसके बाद फोन बंद कर दिया। परिजनों ने तत्काल तारबाहर थाने को इसकी सूचना दी। अपहरण की सूचना से हड़कम्प मच गया।

रात को ही एसएसपी पारुल माथुर ने साइबर सेल के नोडल अधिकारी को आधी रात को ही फोन खड़का के नींद से उठाया। और मृतक की सीडीआर निकलवाई। सीडीआर के आधार पर संदेही अभिषेक दान को उठाया गया। जिससे पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ हत्या की वारदात कबुल कर ली।

मुख्य आरोपी है मृतक का पड़ोसी, दो हफ़्तों से हो रही थी प्लानिंग:-

मुख्य आरोपी 20 वर्षीय अभिषेक दान मृतक रेहान का पड़ोसी था और उसे रेहान ने ही पिता के द्वारा जमीन बिक्री से मोटी रकम मिलने की बात बताई थी। हालांकि रुपये अभी आये नही थे। आरोपी दो हफ़्तों से वारदात की प्लानिंग कर रहा था। आरोपी अभिषेक मृतक रेहान को दो हफ़्तों से काल कर घूमने जाने का झांसा दे रहा था। पर रेहान पिता के साथ ऑटोडील के व्यवसाय के कारण बाहर चला गया था। इसलिए वह आरोपी के साथ नही जा रहा था। दो हफ़्तों बाद कल अभिषेक दान ने रेहान को एक लड़की से दोस्ती करवाने का झांसा दिया। और कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम रमतला में स्थित अपने पोल्ट्री फार्म में लेकर मुख्य आरोपी अभिषेक दान पहुँचा। वहां उसके दो साथी 19 वर्षीय साहिल उर्फ शिबू खान व 19 वर्षीय रवि खांडे दोनो निवासी देवनगर कोनी मौजूद थे। तीनो ने मिल कर चमड़े के बेल्ट से गला दबा कर रेहान की हत्या कर दी।

चूंकि मृतक अभिषेक को पहले से ही जानता था लिहाजा उसकी हत्या की व लाश छुपाने की पहले से ही प्लानिंग आरोपियो ने कर रखी थी। हत्या के बाद मृतक के शव को अपने साथ लाये प्लास्टिक की बोरी में भर कर मोटरसाइकिल से रतनपुर बिलासपुर मुख्य मार्ग से रानी गांव के आगे रोड के निचे पानी निकासी के लिये बने एक ड्रेनेज पाइप के नीचे छिपा दिया। और लाश छुपाने के बाद उसी के मोबाईल से उसके पिता को फोन कर 50 लाख की फिरौती मांगी।

हत्या के बाद ड्यूटी पर पहुँचा एक आरोपी, दो घर जा कर सो गए

हत्या का मुख्य आरोपी 20 वर्षीय अभिषेक दान मृतक रेहान का पड़ोसी हैं और सिविल लाईन थाना क्षेत्र के यूनिटी अस्पताल में बाउंसर का काम करता हैं। वह हत्या के बाद रात को अपने ड्यूटी में पहुँच गया था। पुलिस ने उसे अस्पताल से अरेस्ट किया। उससे पूछताछ के बाद दो आरोपियो को भी गिरफ्तार किया गया,दोनो देवनगर के अपने घर मे जा कर सो गए थे।

मृतक अपने माता पिता का बड़ा लड़का था उसकी एक छोटी बहन भी है। आरोपियो से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक व चमड़े का बेल्ट व दो मोबाईल जब्त किया है।

Exit mobile version