पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री

Chhattisgarh Crimes

देहरादून. उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद से तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। उनके नाम पर आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधानमंडल दल की बैठक में मुहर लगा दी गई। ये बैठक शनिवार 3 जुलाई की दोपहर बाद तीन बजे से पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की उपस्थिति में हुई। बाद में केंद्रीय पर्यवेक्षक ने पत्रकारों के सामने भी इसकी घोषणा की। कहा गया कि किसी ओर के नाम की चर्चा नहीं हुई। सिर्फ पुष्कर सिंह धामी का नाम रखा गया और सबकी सहमति से इस पर मुहर लगा दी गई।

इस बार भाजपा ने तमाम अनुभवी विधायकों को दरकिनार करते हुए युवा चेहरे को तवज्जो दी। संभावना है कि वह आज ही राजभवन सीएम की शपथ लेंगे। नाम की घोषणा होने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से हम चुनौती को स्वीकार करते हैं। पुराने कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने भाजपा आलाकमान का धन्यवाद भी अदा किया।

पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड में खटीमा विधानसभा से विधायक हैं। उत्तराखंड प्रदेश के अति सीमान्त जनपद पिथौरागढ की ग्राम सभा टुण्डी, तहसील डीडी हाट में उनका जन्म 16 सितंबर 1975 को हुआ। सैनिक पुत्र होने के नाते राष्ट्रीयता, सेवा भाव एवं देशभक्ति को ही धर्म के रूप में अपनाया। आर्थिक आभाव में जीवन यापन कर सरकारी स्कूलों से प्राथमिक शिक्षा ग्रहण की। तीन बहनों के पश्चात अकेला पुत्र होने के नाते परिवार के प्रति जिम्मेदारियां उन पर हमेशा बनी रही।

पुष्कर सिंह धामी के बारे में राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह एक ऐसा नाम है जो हमेशा विवादों से दूर रहा है। पुष्कर सिंह धामी भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे पर काफी जोरशोर से आवाज उठाते रहे हैं। युवाओं के बीच पुष्कर सिंह धामी की अच्छी पकड़ मानी जाता है। राजपूत समुदाय से आने वाले धामी को RSS का करीबी माना जाता है। वे महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के भी नजदीकी हैं।