
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने रेप के आरोपी को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। वो पिछले 5 साल से फरार था। मगर जब वह उत्तरप्रदेश चुनाव में वोटिंग करने के लिए अपने गांव पहुंचा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
आरोपी युवक के खिलाफ 5 साल पहले जून 2017 में महिला ने शिकायत की थी। शिकायत में महिला ने बताया था कि उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज इलाके का रहने वाला राम बहादुर यादव (40) ने उससे रेप किया है। महिला ने बताया कि राम बहादुर रायगढ़ में ही किसी प्लांट में काम करता था। उसी दौरान उसकी पहचान हुई थी। पहचान होने के बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं और राम बहादुर उसे शादी का वादा कर उससे शारीरिक संबंध बनाने लगा था। बाद में जब महिला ने उसे शादी के लिए कहा था तब उसने मना कर दिया। फिर भाग गया था। इसी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
शिकायत के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। मगर उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। पुलिस ने उसके उत्तरप्रदेश वाले घर पर भी दबिश दी थी। इसके बावजूद उसका कुछ पता नहीं चला। इस बीच पुलिस ने कुछ दिन पहले फिर से पुरानी फाइलों की जांच शुरू की और पुराने केस के आरोपियों का पता लगाना शुरू किया गया।
ऐसे में पुलिस ने इस केस के फाइल को भी निकाला और स्थानीय पुलिस को भी वहां एक्टिव किया। जिससे पुलिस को ये पता चला कि आरोपी उत्तरप्रदेश में होने वाले वोटिंग के लिए आने वाला है। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर गई और आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।