
इस दौरान युवती ने अपना आर्टिफिशियल हाथ निकालकर कार के बोनट पर मारा, जबकि युवक ने कार के दरवाजे और कांच पर मुक्के मारे। दोनों पर गाड़ी का पिछला वाइपर तोड़ने का भी आरोप है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें विदेशी युवक-युवती सड़क पर एक-दूसरे से बहस करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान दोनों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। नाइट पार्टी में डांस को लेकर शुरू हुआ था विवाद
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाइट पार्टी में युवक के भारतीय लड़कियों के साथ डांस करने को लेकर युवक-युवती के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद कटोरा तालाब इलाके में उनकी कार की टक्कर स्थानीय सराफा कारोबारी के परिवार की गाड़ी से हो गई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
ड्राइवर ने दर्ज कराई शिकायत
FIR के मुताबिक, अनिल यादव भंसाली परिवार की गाड़ी चलाते हैं। 8 नवंबर को वे परिवार के बेटे और बेटी को लेकर टैगोर नगर स्थित उनके घर जा रहे थे।
इसी दौरान टैगोर नगर मोड़ से पहले HDFC बैंक और जूडियो के पास भीड़ के कारण उनकी इनोवा कार धीमी गति से चल रही थी। तभी स्कूटी सवार विदेशी युवक-युवती ने बाईं ओर से ओवरटेक करते हुए कार को टक्कर मार दी।
शिकायत के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों ने अंग्रेजी में अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। आर्टिफिशियल हाथ निकालकर बोनट पर मारा
अनिल यादव के मुताबिक, युवती का बायां हाथ आर्टिफिशियल है। उसने अपना आर्टिफिशियल हाथ निकालकर कार के बोनट पर मारा। वहीं, युवक ने गाड़ी के दरवाजे और कांच पर मुक्के मारे। उसने कार का पिछला वाइपर भी तोड़ दिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया।
तीन धाराओं में केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 28, 296 और 324(4) लगाई गई हैं। FIR में आरोपियों के नाम दर्ज नहीं हैं। उनकी पहचान जुपिटर (CG 04 LN 8934) पर सवार विदेशी मूल के युवक और युवती के रूप में बताई गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।