सारंगढ़ पैलेस से स्टेट का झंडा निकाल लहरा दिया भगवा, 3 संदिग्ध हिरासत में

Chhattisgarh Crimes

​​​​​​​रायगढ़। रायगढ़ में एक नया विवाद शुरू हो गया है। किसी ने सारंगढ़ स्थित गिरिविलास पैलेस से स्टेट का झंडा निकाल भगवा लहरा दिया। सुबह जब राजपरिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस में FIR दर्ज कराई है। राजपरिवार कई पीढ़ियों से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। परिवार के सदस्य सांसद और विधायक भी रहे हैं। ऐसे में सदस्यों ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 2-3 लोगों को हिरासत में लिया है।

गिरिविलास पैलेस के नाजिर (देख-रेख करने वाले) ने रविवार देर रात इस संबंध में FIR दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि 7 मई की रात करीब 9.45 बजे कोई चोर महल में घुस आया था। उस अज्ञात चोर को महल में देखा गया था। उसने महल के ऊपर लगे सारंगढ़ स्टेट का झंडा चोरी कर वहां भगवा झंडा लगा दिया। सारंगढ़ स्टेट का झंडा करीब 500 रुपए का था। इसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। कई लोगों से पूछताछ भी की गई है।

पैलेस में कोई चोरी या तोड़फोड़ नहीं, खास वर्ग का हाथ

राज परिवार की सदस्य कुलिशा देवी ने बताया कि शनिवार रात करीब 9.30 बजे जब वह पैलेस में ही टहल रही थी, तभी एक युवक उनको जाते हुए अंधेरे में दिखाई दिया था। हालांकि उन्होंने उस समय उसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद जब रविवार सुबह परिवार के सदस्यों ने देखा तो पैलेस के ऊपर राज परिवार का जो परंपरागत झंडा लगा होता है, उसे उतार करके किसी ने भगवा रंग का झंडा लगा दिया था।

कुलिशा ने बताया कि पैलेस में किसी भी प्रकार कोई चोरी या तोड़फोड़ भी नहीं की गई है। ऐसे में झंडे को जानबूझ करके लगाया गया है। इसमें मंशा चोरी या पैलेस को नुकसान करने की नहीं थी। इसके पीछे राजनीतिक षड्यंत्र या किसी खास वर्ग के लोगों के होने की बात कही है। सारंगढ़ SDOP प्रभात पटेल ने बताया कि पैलेस के आसपास घूम रहे आवारा तत्व के दो से तीन लोगों को हमने पकड़ा है। राज परिवार की सदस्यों से कद काठी के हिसाब से उनकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।