बीजापुर। जिले में पारिवारिक विवाद के चलते गोपनीय सैनिक की हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने देर रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। गोपनीय सैनिक का रस्सी से गला घोंटकर घर के अंदर लटका दिया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे भाग निकले हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, गोपनीय सैनिक लक्ष्मण पोट्टम जिला अस्पताल के नजदीक एक किराए के मकान में रहता था। सुबह आस-पास रहने वाले लोग लक्षमण के घर पहुंचे तो देखा कि उसकी लाश रस्सी से घर पर लटकी हुई है। जिसके बाद इसकी जानकारी फौरन सिटी कोतवाली के जवानों को दी गई।
जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि देर रात उसके 2 रिश्तेदार लक्ष्मण के घर पहुंच गए। उसे उठाया और फिर घर के अंदर घुसकर रस्सी से उसका गला घोंट शव को लटका दिया, ताकि देखकर ऐसा लगे की सैनिक ने सुसाइड किया है। गले पर रस्सी से गला घोंटकर मारने का भी निशान है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। बीजापुर SP ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पारिवारिक विवाद के चलते हत्या हुई है। परिवार के दो लोगों पर संदेह है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।