इस दौरान बैंड-बाजे के साथ कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक रूप से शराबियों को माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और विधायकों के मुखौटे पहनकर शराब दुकान में आने वाले लोगों की आरती उतारी। उन्हें माला पहनाई और मुफ्त में चखना भी बांटा।
मंत्री-विधायकों का मुखौटा लगाकर प्रदर्शन
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, प्रदेश में बीजेपी की सरकार को डेढ़ साल हो गए हैं। भाजपा सरकार हर चीज का महोत्सव मनाती है। कभी शाला प्रवेश महोत्सव, तो कभी चावल महोत्सव। अब सरकार ने छत्तीसगढ़ में शराब की 70 दुकानों की संख्या बढ़ाई है, यह भी एक प्रकार का महोत्सव बन गया है।
शराब के दाम भी सस्ते किए गए हैं। जिसे सरकार एक और महोत्सव की तरह पेश कर रही है। शराब की गलत नीतियों के विरोध में आज कांग्रेस ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और भाजपा विधायकों के मुखौटे लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदेश में शराब के दाम कम होने से शराबियों के मन में उत्साह है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि, शराब दुकानों के बाहर शराबियों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। लोगों को नशे में डुबोने का काम भाजपा सरकार कर रही है। नशा बेचने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है। पूरे विश्व में जो नशे उपलब्ध हैं, वे सब छत्तीसगढ़ में मिल रहे हैं। इसके लिए भाजपा को शर्म आनी चाहिए।