गर्मी से बचने हाथी डुबकी लगा रहे हैं। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक हाथी तालाब में सिर नीचे और पैर ऊपर कर नहाते नजर आया।
रायगढ़ जिले से अलग होने के बाद गोमर्डा अभयारण्य अब नए जिले सारंगढ़ जिले में शामिल हो गया है। वन्य प्राणियों के दीदार के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।
बरमकेला एरिया पर्यटकों के लिए बंद
हालांकि इन दिनों अभयारण्य के बरमकेला एरिया को पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है। इसका कारण 27 हाथियों का दल है।
गर्मी बढ़ती जा रही है और अभयारण्य में इन दिनों हाथियों और अन्य वन्यप्राणियों की मस्ती पानी में देखी जा रही है। बरमकेला अभयारण्य के तालाब में एक हाथी नहाने के लिए पहुंचा, हाथी पानी में उल्टा हो गया और पैर ऊपर कर अठखेलियां करने लगा।
सूंड में पानी भरकर खुद पर डाला
यहीं नहीं गुरुवार दोपहर को गोमर्डा बरमकेला रेंज के दैहान परिसर के कक्ष क्रमांक 1004 में एक हाथी का बच्चा पानी की टंकी के पास पहुंचा।
इसके बाद वह अपने सूंड में पानी भर कर पीता और खुद को ठंडा रखने के लिए अपने ऊपर पानी डालता। जिसका भी वीडियो सामने आया है। साथ ही 27 हाथियों के दल को हर दिन तालाब में डुबकी लगाते हुए देखा जा रहा है।
चीतल-बायसन भी प्यास बुझा रहे
अभयारण्य में हाथियों के अलावा चीतल, बायसन, सांभर, कोटरी, लंगूर, भालू के साथ ही कई वन्यप्राणी विचरण कर रहे हैं। इन्हें भी तालाबों में अपनी प्यास बुझाते देखा जा रहा है। साथ ही बायसन का पूरा का पूरा झुंड नजर आ रहा है।
हाथी नहीं जा रहे दूसरे जंगल
साल 2023 में 27 हाथियों का दल गोमर्डा अभयारण्य में पहुंचा था, लेकिन अब यह दल कहीं और जाने का नाम नहीं ले रहा है। बताया जा रहा है कि ये दल कभी बरमकेला तो कभी सारंगढ़ गोमर्डा रेंज में ही विचरण कर रहा है। बीच-बीच में अकेला हाथी भी अभयारण्य के जंगल में आ जाता है और वह वापस चले जाता है।
27 हाथी दल में 11 शावक शामिल
बरमकेला रेंज के गोमर्डा अभयारण्य में 27 हाथियों के दल में 2 नर हाथी हैं और 14 मादा हाथी के साथ 11 शावक शामिल हैं। गुरुवार को हाथियों का यह दल कक्ष क्रमांक 986 आरएफ में विचरण कर रहा था। इसे देखते हुए वन अमले ने पास के गांव कलगाटार और करपी में मुनादी कराई है। ताकि हाथी से कोई नुकसान न हो।
1 जुलाई से 31 अक्टूबर तक बंद
अभी सिर्फ बरमकेला रेंज को बंद रखा गया है। लेकिन 1 जुलाई से 31 अक्टूबर तक अभयारण्य पूरी तरह बंद हो जाएगा। इस अभयारण्य में रायगढ़ सारंगढ़, सराईपाली, महासमुंद समेत अन्य जिलों से पर्यटक पहुंचते हैं।
हाथी की कर रहे निगरानी
गोमर्डा अभयारण्य बरमकेला रेंज के रेंजर सुरेन्द्र अजय ने बताया कि हाथियों को पर्याप्त चारा और पानी मिलने के कारण वे यहीं रुके हुए हैं। वन्यप्राणियों के लिए लगातार टंकियों और तालाबों में टैंकर के माध्यम से भी पानी भरा जा रहा है। हाथियों पर लगातार निगरानी की जा रही है और ग्रामीणों को भी सतर्क किया जा रहा है।