नई दिल्ली। टीम इंडिया एशिया कप के फाइनल में पहुंचने की होड़ से लगभग बाहर हो गई है। श्रीलंका ने मंगलवार को खेले गए सुपर-4 के मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 173 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 72 रनों की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका ने 19.5 ओवर में चार विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 7 रनों की जरूरत थी। अर्शदीप ने पहली चार गेंदों पर 5 रन ही दिए थे। पांचवीं गेंद पर बल्लेबाज शॉट नहीं खेल सका। विकेटकीपर ऋषभ पंत के पास रन आउट का मौका था लेकिन उनका थ्रो विकेट पर नहीं लगा। इसके बाद नॉन स्ट्राइकर एंड पर भी थ्रो नहीं लगा। इतने में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने दो रन ले लिए और मैच जीत लिया।
भारतीय टीम कागज पर अब भी फाइनल की होड़ में बरकरार है। लेकिन, इसके लिए कई चमत्कारों का एक साथ होना जरूरी है।
ये शर्तें पूरी होंगी तभी भारत फाइनल में पहुंच सकता है
– भारत अपने आखिरी सुपर-4 मैच में अफगानिस्तान को हराए।
– श्रीलंका की टीम पाकिस्तान को हराए
– अफगानिस्तान की टीम भी पाकिस्तान को हराए
– ये सब होने के बाद श्रीलंका 6 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 पर रहेगी। भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के दो-दो पॉइंट्स होंगे। इन तीनों टीमों में भारत का नेट रन रेट सबसे अच्छा होना जरूरी।
रोहित की कप्तानी पारी
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला आज के मैच में जमकर बोला। उन्होंने 41 गेंद पर 72 रन की धमाकेदार पारी खेली। भारत को 2 झटके जल्दी लग गए थे, विराट और केएल राहुल कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। इसके बाद रोहित ने 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 72 रन की पारी खेली उनका स्ट्राइक रेट 175.60 का रहा।