इंस्टाग्राम के लिए दोस्तों के साथ छात्र को रील्स बनाना पड़ा महंगा, बिल्डिंग से गिरकर मौत

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। बिलासपुर के साइंस कॉलेज की छत से एक छात्र गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। छात्र अपने दोस्तों के साथ रील्स बनाने और सेल्फी लेने के चक्कर में छत पर चढ़ा था। उसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिरा और उसकी जान चली गई है। छात्र की मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, जांजगीर चांपा जिले के सरखो निवासी आशुतोष साव पिता रविशंकर (22) सरकंडा स्थित साइंस कॉलेज में बीएससी सेकंड ईयर का छात्र था। वह अशोक नगर में किराए में रूम लेकर रहता था। शुक्रवार को वह दोस्तों के साथ कॉलेज गया था। कॉलेज में क्लासेस नहीं थी। इसके चलते वह दोस्तों के साथ गप्पे लड़ाने लगा।

बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे कॉलेज कैंपस में घूमते हुए आशुतोष अपने दोस्तों के साथ मोबाइल में रील्स बनाने के लिए छत में चढ़ गया। कॉलेज की बिल्डिंग में चढ़कर वह वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। उसके साथ उसके चार दोस्त भी थे। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें दूसरे छात्र ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि तेरे वजन से यह नहीं टूटेगा( छात्र स्लैब पर खड़ा था) हल्का है तू। छात्र भी कहते हुए सुनाई दे रहा है कि इसमें से अभी आगे कूदेंगे। इसके बाद यह हादसा हो जाता है।

पुलिस के अनुसार छात्र आशुतोष साव और उसके दोस्त छत में चढ़कर रील्स बना रहे थे। इस दौरान आशुतोष उछलने की कोशिश कर रहा था। तभी उसका बैलेंस बिगड़ गया। जिस जगह से वह नीचे गिरा, उस छत की ऊंचाई मात्र 20 फीट है। लेकिन, अचानक गिरने से वह संभल नहीं पाया और उसके सिर में चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।

इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रों से बातचीत करने के बाद मृतक छात्र के परिजन को इस घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिजन बिलासपुर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

https://lalluram.com/wp-content/uploads/sites/4/2023/03/WhatsApp-Video-2023-03-17-at-7.54.52-PM.mp4

Exit mobile version