बदमाशो ने पहले बाइक को मारी ठोकर, फिर डेयरी कर्मी को मारा चाकू

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। छोटी सी बात को लेकर बदमाश चाकू चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। खम्हारडीह इलाके में फिर से चाकूबाजी की घटना सामने आई है। दरअसल कचना में मामूली विवाद में नशे में धुत दो युवकों ने धारधार हथियार से डेयरी कर्मचारी पर हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रुप से घायल कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने बताया घायल युवक हिमांशु साहू अपने साथियों के साथ कचना में खड़ा था, तभी वहां पर बाइक सवार आरोपित जितेंद्र साहू समेत दो युवकों ने उसकी बाइक को ठोकर मार दी। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई।

इसके बाद डेयरी कर्मचारी हिमांशु अपने डेयरी चला गया। तब दोनों आरोपित पीछा करते हुए डेयरी पहुंच गए और वहां उन्होंने धारधार हथियार से हिमांशु साहू पर हमला कर दिया। हमले के बाद सभी फरार हो गए। घायल युवक हिमांशु साहू को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिमांशु के घर वालों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

मोहल्ले वालों का आरोप है कि कचना और खम्हारडीह में कई जगह अवैध शराब की बिक्री और रेलवे पटरी के पास सट्टा खिलाया जाता है। इसके कारण इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इधर खम्हारडीह थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

Exit mobile version