4 लाख 10 हजार रुपये लेकर भागे बदमाश, CCTV कैमरे में कैद हुए शातिरों के चेहरे

Chhattisgarh Crimes

जांजगीर चांपा। जिले में 4 लाख 10 हजार रुपये की उठाईगिरी का मामला सामने आया है. चांपा के एसबीआई बैंक के सामने से युवक ने पैसे से भरा थैला पार कर दिया. बैंक के सामने मौके की तलाश में आरोपी खड़े थे.

इस वारदात की तस्वीर CCTV कैमरे में कैद हो गई है. CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है. चांपा थाना क्षेत्र के एसबीआई बैंक के सामने की घटना है.

प्रार्थी खिलेश्वर जायसवाल निवासी ग्राम महुदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई. एसबीआई बैंक चांपा से 4 लाख 10 हजार रुपए निकालकर बैंक के सामने पहुंचा था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बताया गया कि उसका कुछ सामान गिर गया है.

प्रार्थी द्वारा पलट कर देखने पर और गिरे हुए सामान को उठाने गया. वापस आकर देखने पर उसके मोटर साइकिल के हैंडल में लटका हुआ झोला, जिसमें 4 लाख 10 हजार गायब थे.

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाने में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है. घटना स्थल के आसपास और आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों में पूछताछ कर सघन पतासाजी की जा रही है. जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे.