ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक युवक की मौत

Chhattisgarh Crimes

जशपुर। जिले में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वह अपने जीजा के साथ बाइक से ओडिशा जा रहा था। तभी रास्ते में ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस भी नहीं पहुंची। जिसके चलते युवक काफी देर तक रोड किनारे ही तड़पता रहा और उसकी जान चले गई। हादसा तपकरा थाना क्षेत्र के सुइजोर गांव में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, उपरघिचा निवासी सियाराम(30) अपने जीजा बालचंद राम के साथ मंगलवार शाम को ओडिशा के सुंदरगढ़ जा रहा था। वह यहां शाम 4 बजे सुइजोर गांव पहुंचे ही थे कि सामने से आई तेज रफ्तार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों जीजा साला वहीं रोड किनारे ही गिर गए। हादसे में सियाराम बुरी तरह घायल हुआ था। वहीं बालचंद को भी चोटें आईं हैं।

घटना के बाद बालचंद ने आस-पास की लोगों की मदद से एंबुलेंस को बुलाया। मगर वह पहुंची ही नहीं। किसी निजी वाहन वाले ने भी मदद नहीं की। बालचंद ने बताया कि सियाराम के सिर से काफी खून बह गया था। जिसके चलते उसकी वहीं तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हमें उसे बचा तक नहीं सके। अगर कोई मदद करता या एंबुलेंस पहुंच जाती तो हम उसे बचा सकते थे।

इस मामले में परिजनों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शाम के कारण शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका था। सुबह अस्पताल पहुंचे तो यहां भी काफी इंतजार करना पड़ा। बताया गया कि शव का पोस्टमॉर्टम बुधवार शाम को 3.30 बजे हो सका है। इस प्रकार परिजनों को शव के पोस्टमॉर्टम के लिए 23 घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

Exit mobile version