गरियाबंद। हाथियों ने आज एक युवक की कुचलकर जान ले ली। हाथियों ने युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया जहां अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवक शोभा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है वही घटना धमतरी जिले के रिसगांव वन परिक्षेत्र की है। घटना की जानकारी मिलते ही धमतरी जिले के खल्लारी ओर शोभा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर जंगल में हाथियों के आने की खबर सुनकर ढोल सराई निवासी 25 वर्षीय अशोक उन्हें देखने के लिए पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान वह दो हाथियों के बीच पहुंच गया और सेल्फी लेने लगा। इस दौरान हाथियों ने उसे अपने गिरफ्त में ले लिया और फिर जमीन पर पटक पटक कर उसे अध मरा कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह वहां हाथियों को भगाया ओर जख्मी अशोक को मैनपुर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि हाथियों के हमले में अशोक बुरी तरह घायल हो गया था। ग्रामीणों की मदद से मैनपुर अस्पताल पहुंचाया गया मगर गंभीर चोंट होने के कारण उसे बचाया नही जा सका। उन्होंने बताया कि धमतरी के रिसगांव वन परिक्षेत्र में शोभा क्षेत्र से लगे जंगल में हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है। उन्ही हाथियों के दल में से दो हाथियों ने अशोक पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास गांवो में मुनादी करवा दी गयी है। लोगो को अकेले जंगल ना जाने की हिदायत दी गयी है और अपने घरों में ही रहने की सलाह दी गयी है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गयी है।