जमीन विवाद के चलते तीन बैगा आदिवासियों की हत्या, हादसे का रूप देने घर में लगा दी आग, 14 गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा के नागाडबरा में हुए तीन बैगा आदिवासियों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। तीन‍ों की मौत आग में जलने से नहीं हुई थी। जमीन विवाद में तीनों की हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग और दो महिला भी शामिल है। आरोपितों ने हत्या के बाद इसे हादसे का रूप देने के लिए घर में आग लगा दी थी।

गौरतलब है कि कवर्धा जिले के नागाडबरा गांव में 15 जनवरी की सुबह बुधराम बैगा, पत्नी हीरामती और 12 वर्षीय बेटे जानहूराम बैगा की लाश घर में जली हुई मिली थी। तीनों की लाश बुरी तरह से जली हुई थी। इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि तीनों ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने साजिश करके जान से मार दिया है। पुलिस को मौके पर खून के छीटे भी मिले थे। पुलिस मामले की जांच की तो हत्या के सुराग मिले। फिर धीरे-धीरे सभी राज खुलते गए और एक-एक कर पूरे मामला का खुलासा हो गया।

Exit mobile version