तिरुपति में अपहरित बच्चे का आज हो सकता है खुलासा, आरोपी के करीब पहुंची पुलिस

Chhattisgarh Crimes

गरियाबंद। आंध्रप्रदेश से लापता जिले के शिवम का आज खुलासा हो सकता है। आंध्रा पुलिस शिवम को किडनैप करने वाले आरोपी के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है। शिवम के पिता उत्तम साहू ने आज सुबह यह जानकारी साझा की है।

उत्तम साहू ने बताया कि उनके पुत्र शिवम को आज स्थानीय पुलिस बरामद कर सकती है। यह जानकारी उत्तम साहू को बीती रात स्थानीय पुलिस ने दी है। उत्तम साहू के मुताबिक स्थानीय पुलिस ने अपहरणकर्ता की पहचान कर ली है। आज पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शिवम को छुड़ा सकती है।

गौरतलब है कि परिवार के साथ तिरुपति बालाजी दर्शन करने गए गरियाबंद जिले के 6 वर्षीय शिवम का 27 फरवरी की रात तकरीबन 9 बजे अपहरण हो गया था। शिकायत के बाद स्थानीय पुलिस ने शिवम की खोजबीन शुरू की। एक सप्ताह की खोजबीन के बाद अब पुलिस ने जल्द ही शिवम के सकुशल बरामदगी का दावा किया है।

गरियाबंद एसपी का मिला सहयोग

शिवम के पिता उत्तम साहू ने बताया कि जानकारी मिलते ही गरियाबंद पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने उनसे संपर्क किया और मदद का भरोसा दिलाया था। आंध्रा पुलिस से भी एसपी भोजराम पटेल ने बात की। हालांकि उत्तम साहू ने इस दौरान छ्ग सरकार से और किसी प्रकार का सहयोग नही मिलने की बात कही है।