फिल्मों में काम दिलाने के बहाने करता था परेशान, लड़कियों ने बीच सड़क बरसाए थप्पड़-चप्पल

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर।  न्यायधानी बिलासपुर से ये खबर मनचलों के लिए सबक बन सकती है। दो युवतियों द्वारा सरेराह मनचले युवक की चप्पल और थप्पड़ से पिटाई कर दी। युवक बार-बार युवती को परेशान कर रहा था। युवती के कई बार मना करने के बाद भी जब मनचला नहीं माना तो युवतियों ने प्लान बनाया और युवक को मिलने बुलाकर उसकी जमकर धुनाई की।

मिली जानकारी के अनुसार तोरवा निवासी युवक छालीवुड में स्पॉट ब्वॉय का काम करता है। छालीवुड में काम दिलाने के बहाने वो कई लड़कियों का नंबर लेकर बाद में उन्हें परेशान करता था। पिटाई करने वाली एक युवती को भी युवक फोन कर परेशान कर रहा था। बार-बार मना करने के बाद भी युवक नहीं मान रहा था। युवती ने इसकी जानकारी अपनी सहेली को दी। जिसके बाद युवक को सबक सिखाने युवती ने मिलने के बहाने युवक को कोनी थाना क्षेत्र के बिलासाताल के पास बुलाया।

दोनों युवतियां वहां पहले मौजूद थीं। इसी बीच युवक जैसे ही वहां पहुंचा, युवतियों ने उसे बाइक से उतरने का मौका भी नहीं दिया और चप्पल और थप्पड़ से जमकर पिटाई शुरू कर दी। युवतियों ने इस दौरान परेशान करने का आरोप लगाते हुए युवक की चप्पल और थप्पड़ से जमकर खातिरदारी की। युवक को पिटता देख वहां कुछ लोगों की भीड़ लग गई। इसी दौरान किसी ने युवतियों के पीटने और युवक की पिटाई का मोबाइल में वीडियो बना लिया। हालांकि युवतियों व युवक के तरफ से इसकी शिकायत अब तक थाने में नहीं की गई है।

Exit mobile version