मोबाइल चलाने से रोका तो 2 नाबालिग सगी बहनों ने मिलकर बुआ को मार डाला

Chhattisgarh Crimes

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में 2 नाबालिग सगी बहनों ने मिलकर अपनी बुआ की हत्या कर दी। दोनों ने युवती को इसलिए मार दिया, क्योंकि वो इन्हें मोबाइल चलाने से मना करती थी। वो हमेशा इस बात के लिए दोनों को डांटा करती थी। दोनों बहनों ने बुआ को टंगिया मारकर मार डाला। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के निरंजनपुर-सपनई गांव का है। पुलिस ने दोनों नाबालिग लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया है।

35 साल की तुलसी भाठ निरंजनपुर-सपनई गांव में रहती थी। उसकी शादी नहीं हुई थी। इसलिए वह अपने भाई के घर में ही रहती थी। उसकी 17 और 15 साल की 2 भतीजियां भी हैं। बड़ी भतीजी ने 10वीं के बाद से स्कूल जाना बंद कर दिया है। छोटी भतीजी10 में पढ़ाई करती है। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें अपने दोस्तों से बात करने के लिए अपनी बुआ का फोन इस्तेमाल करती थीं। इसी बात से तुलसी नाराज होती थी। तुलसी दोनों लड़कियों को कहता थी कि फोन मत इस्तेमाल किया करो, फोन से दोस्तों से ज्यादा बात मत किया करो।

03 फरवरी को भी तुलसी की छोटी भतीजी उसका फोन बिन बताए स्कूल ले गई थी। स्कूल से आने के बाद उसने ये बात अपनी 17 साल की बड़ी बहन को बताई, फिर दोनों तालाब में नहाने के लिए चली गईं। यहीं पर दोनों ने प्लान बनाया कि ये रोज-रोज झगड़ा करती है। इसका काम ही खत्म कर देते हैं।

03 फरवरी की रात को 9.30 बजे तुलसी की छोटी भतीजी फिर से उसका फोन लेकर पढ़ रही थी। ये देखकर फिर से तुलसी चिल्लाने लगी, कहने लगी कि मना करने के बाद भी तू बार-बार फोन ले लेती है। इसके बाद तुलसी से छोटी भतीजी को खूब गाली दिया। उसे थप्पड़ भी मार दिया। घटना के बाद सभी खाना पीना खाकर सो गए थे।

जब सब सो गए तो 10वीं में पढ़ने वाली छोटी लड़की रात को 12 बजे उठ गई। इसके बाद जब रात को 1 से 1.30 बजे के बीच जब तुलसी अपने कमरे में सो रही थी, तभी टंगिया लेकर छोटी भतीजी उसके कमरे में गई और उसने टंगिया से कई बार तुलसी के शरीर पर वार किया। इससे वह संभल नहीं सकी। वह चिल्लाई, इतने में तुलसी की बड़ी भतीजी उठकर आ गई। ये देखकर छोटी भतीजी ने टंगिया से फिर तुलसी पर कई वार किए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान तुलसी की बड़ी भतीजी ने अपने छोटी बहन से कहा भी कि हमने इसे मार तो दिया है। मम्मी-पापा को क्या बताएंगे। इस पर उसकी छोटी बहने ने उसे जवाब दिया कि तुम भी तो इस पूरे घटना में शामिल थी। अब क्या डर रही हो।

घटना की सुबह शुक्रवार को जब घर के और लोग सोकर उठे तो उन्होंने तुलसी का शव खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इस बात की सूचना दी। फिर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले परिजनों से ही बातचीत शुरू की थी। वहीं मृतिका की दोनों भतीजियों से भी बयान लिए गए थे। पहले तो दोनों ने पुलिस को उलझाने का प्रयास किया। मगर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने ही पुलिस को इस बीत की पूरी जानकारी दी है।