
शिक्षकों ने बताया कि, काली पट्टी लगाकर 16 जून से 30 जून तक संकेतात्मक विरोध किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शिक्षक साझा मंच के प्रदेश संचालक वीरेंद्र दुबे ने कहा कि, प्रदेशभर के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं 16 जून से 20 जून तक पालकों से संपर्क कर युक्तियुक्तकरण के विसंगतियों और सेटअप में शिक्षक के पदों में हुई कटौती की जानकारी देकर उनका भी समर्थन मांगेंगे।
नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही- वीरेंद्र दुबे
वीरेंद्र दुबे ने कहा कि, राज्य शासन 2008 के सेटअप के साथ छेड़छाड़ कर रही है। युक्तियुक्तकरण के नाम पर मनमानी तरीके से नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। भ्रष्टाचार की शिकायत मिल रही है। युक्तियुक्तकरण के नाम पर भाई भतीजावाद किया जाता है। इन सभी विसंगतियों को लेकर पूरे प्रदेश के शिक्षक आज काली पट्टी लगाकर विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, युक्तियुक्तकरण के नाम से शिक्षकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। पूरे प्रदेश के जितने भी प्रभावित शिक्षक हैं, वे सभी 30 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।
कई चरणों में होगा आंदोलन
- शिक्षक काली पट्टी लगाकर 16 जून से 30 जून तक विरोध करेंगे।
- साझा मंच के सभी पदाधिकारी और प्रदेशभर के सभी आम शिक्षक-शिक्षिकाएं 16 जून से 20 जून तक पालकों से संपर्क कर युक्तियुक्तकरण के विसंगतियों और सेटअप में शिक्षक के पदों में कटौती की जानकारी देकर समर्थन मांगेंगे।
- युक्तियुक्तकरण में प्रभावित, पीड़ित शिक्षक डीपीआई और शिक्षा सचिव मंत्रालय के नाम खुद उपस्थित होकर या डाक के माध्यम से आवेदन जमा करेंगे। उसकी एक प्रति शिक्षक साझा मंच के ब्लॉक/ जिला/ संभाग/ प्रदेश संचालक को देंगे।
- युक्तियुक्तकरण में प्रभावित शिक्षक 20 जून को भारत के मुख्य न्यायाधीश के नाम डाक के माध्यम से आवेदन भेजेंगे।
- शिक्षक साझा मंच के सभी पदाधिकारी और युक्तियुक्तकरण में प्रभावित शिक्षक 30 जून को प्रधानमंत्री के नाम मांग पत्र भेजेंगे।
- शिक्षक साझा मंच द्वारा डीपीआई और शिक्षा सचिव को विसंगतियों का ज्ञापन दिया जाएगा।
- राज्य के 146 ब्लॉक मुख्यालय में 1 जुलाई 2025 को शाला बहिष्कार कर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे।
- 5 सितंबर शिक्षक दिवस को बड़ा प्रदर्शन राज्य स्तर पर किया जाएगा।