बलौदाबाजार जिले के सोनाखान वन परिक्षेत्र में 28 हाथियों का झुंड पहुंचने से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के सोनाखान वन परिक्षेत्र में 28 हाथियों का झुंड पहुंचने से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग ने कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

हाथियों का झुंड बीती रात करीब 12:20 बजे हतोद, बेहराभाठा और असनींद इलाके में पहुंचा। यहां हाथियों ने खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इससे किसानों की फसल बर्बाद हुई है। घटना के बाद किसानों में चिंता और नाराजगी है।

10 से ज्यादा गांवों में हाई अलर्ट

वन विभाग के अनुसार, हाथियों का झुंड अभी सोनाखान वन परिक्षेत्र के जंगलों में घूम रहा है। हाथियों की आवाजाही को देखते हुए असनींद, पोड़ी, पचपेड़ी, खरहा, ब्रम्हनी, पटियापाली, कंजिया, मिरगीदा, नवागांव और बिटकुली समेत आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

रात में खेत-जंगल जाने से बचने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से खासकर रात के समय खेत या जंगल में अकेले नहीं जाने की अपील की है। ग्रामीणों को हाथियों के झुंड से दूर रहने और किसी भी तरह की आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशासन को सूचना देने कहा गया है।

हाथी मित्र दल कर रहा निगरानी

वन विभाग और हाथी मित्र दल लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इसके लिए टीमें मौके पर तैनात की गई हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Exit mobile version