
पहली घटना 10 सितंबर की रात 12 बजे से 3 बजे के बीच हुई। सूर्या चौक चिंगराजपारा में द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान में गौरी देवांगन की स्कूटी (CG 10 BE 3159) खड़ी थी। आरोपी ने स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग से स्कूटी और उसमें रखा दूसरा सामान पूरी तरह जलकर खराब हो गया। गौरी देवांगन की शिकायत पर सरकंडा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दूसरे मामले में बंधवापारा निवासी नफीस खान ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने नफीस की हीरो स्प्लेंडर बाइक (CG 10 EE 7267) चोरी कर ली। बाद में बाइक को बंधवापारा भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर जला दिया।
तकनीकी सबूतों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों की जांच शुरू की। इस दौरान मिली जानकारी और तकनीकी सबूतों के आधार पर संदिग्ध महेश कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों वारदात कबूली
पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।