पॉर्न स्टार से जुड़े केस में ट्रम्प पर 34 आरोप : कोर्ट में 57 मिनट चली सुनवाई, पूर्व US प्रेसिडेंट बोले- अमेरिका नर्क में जा रहा है

Chhattisgarh Crimes

वॉशिंगटन। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर मंगलवार को मैनहैटन की कोर्ट में 34 आरोप तय किए गए। उन पर पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल को पैसे देकर चुप कराने और इलेक्शन कैंपेन के दौरान बिजनेस रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के केस चल रहा है। अमेरिकी इतिहास में पहली बार किसी प्रेसिडेंट पर आपराधिक केस चलाया जा रहा है।

कोर्ट में ट्रम्प ने खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने कहा- मैंने कोई अपराध नहीं किया। मैनहैटन कोर्ट ने ट्रम्प की जमानत या गिरफ्तारी पर कोई फैसला नहीं सुनाया। अगली सुनवाई 4 दिसंबर को होगी।

ट्रम्प सुनवाई से एक दिन पहले सोमवार दोपहर करीब 12 बजे फ्लोरिडा से न्यूयॉर्क के लिए निकले थे। न्यूयॉर्क में वे अपने ट्रम्प टावर में ठहरे। अगले दिन मंगलवार को उन्होंने सुबह 11:30 बजे कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 57 मिनट सुनवाई के बाद दोपहर 12:30 बजे फ्लोरिडा के लिए रवाना हो गए। यहां उन्होंने अपने घर मार-ए-लागो में रात सवा आठ बजे स्पीच दी। बाइडेन पर आरोप लगाते हुए कहा- अमेरिका नर्क में जा रहा है और दुनिया हंस रही है।

ट्रम्प की सपोर्टर्स-मीडिया के बीच 25 मिनट स्पीच, 2 बड़ी बातें

1. ट्रम्प ने फ्लोरिडा में कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि अमेरिकी इतिहास में ऐसा कुछ होगा। मैंने एक ही अपराध किया है, वो है निडर होकर अपने देश को उन लोगों से बचाना जो इसे तबाह करना चाहते हैं। मेरे खिलाफ कोई पुख्ता सबूत नहीं हैं।”

2. उन्होंने कहा,”सुनवाई ऐसे जज ने की है, जो मुझसे नफरत करता है। जज की पत्नी और उसका पूरा परिवार मुझसे नफरत करता है। जज कि बेटी कमला हैरिस के लिए काम करती है। अब उसे बाइडेन-हैरिस कैंपेन से पैसे मिल रहे हैं।”

ट्रम्प केस में 5 अहम तारीखें, जानिए आगे क्या…

9 मई तक आरोपों से जुड़े सबूत पेश किए जा सकते हैं
8 जून तक ट्रम्प अपने बचाव के लिए सबूत दे सकते हैं
8 अगस्त तक ट्रम्प की टीम केस खारिज करने की याचिका लगा सकती है।
19 सितंबर तक ट्रम्प की केस खारिज करने की याचिका पर विरोधी पक्ष दलील देगा।
4 दिसंबर को जज मर्चेन सभी याचिकाओं पर फैसला सुनाएंगे। ट्रम्प इस दिन कोर्ट में पेश होंगे।
स्टॉर्मी को चुप रहने के लिए 1 करोड़ 7 लाख रुपए दिए, जानिए ट्रम्प पर 34 आरोप क्या हैं

ट्रम्प पर गलत बिजनेस रिकॉर्ड दिखाने के मामले में 34 चार्ज लगाए गए हैं। ये सभी चार्ज 2016 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को चुप रहने के लिए 1 लाख 30 हजार डॉलर करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपए देने से जुड़े हैं।
11 चार्ज चेक साइन करने से जुड़े हैं। अन्य 11 चार्ज कोहेन के कंपनी में जमा किए गए गलत इनवॉइस से जुड़े हैं और बाकी बचे 12 चार्ज रिकॉर्ड्स में गलत जानकारी देने से जुड़े हैं। यानी कुल 34 आरोप।

ट्रम्प के वकील माइकल कोहेन ने आरोप लगाया था कि उन्होंने ट्रम्प के कहने पर अपने पास से स्टॉर्मी को पैसे दिए थे, जिससे वो 2016 के चुनाव से पहले ट्रम्प के साथ अफेयर को लेकर कुछ न बोलें। ट्रम्प ने राष्ट्रपति रहते हुए कोहेन को ये पैसे वापस दिए जो कानून की नजरों में अपराध है। दरअसल, दस्तावेजों में ट्रम्प की कंपनी ने दिखाया है कि ये पैसे कोहेन को उनकी लीगल सर्विसेज के लिए दिए गए हैं, जो झूठ है। आरोपों से जुड़े दस्तावेज स्टेटमेंट ऑफ फैक्ट्स में कहा गया है कि ट्रम्प ने लगातार न्यूयॉर्क बिजनेस रिकॉर्ड में गलत जानकारी दी, जिससे वो अपने अपराध को छिपा सकें और ये जानकारी वोटिंग से पहले जनता के सामने न आए।

आरोप है कि ट्रम्प की तरफ से कोहेन ने स्टॉर्मी को पैसे दिए और राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रम्प ने उन्हें ये पैसे लौटाए। इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति ने 10 महीने तक कोहेन को कई चेक दिए। लेकिन उन्होंने रिकॉर्ड में इसे लीगल फीस दिखाया। ये असल में एक अपराध छिपाने के लिए किया गया पेमेंट था।

मैनहैटन कोर्ट में सुनवाई के दौरान वीडियोग्राफी पर पाबंदी रही। कार्यवाही शुरू होने से पहले स्टिल फोटोग्राफर्स के 5 ग्रुप को कुछ मिनट तक फोटोज खींचने की इजाजत दी गई थी। जज मर्चेन ने कहा था- पहली बार किसी पूर्व राष्ट्रपति पर क्रिमिनल चार्ज लगाए गए हैं। हम किसी विवाद का रिस्क नहीं ले सकते।