सर्जिकल ब्लेड से मर्डर करने वाले दो नाबालिग सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। सकरी थाने के कोपरा डेम के पास हुई युवक गौरव देशमुख की हत्या के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक के साथ इन लोगों की रंजिश चल रही थी। उसलापुर के बालाजी आवासीय परिसर में रहने वाले गौरव देशमुख (23 वर्ष) का शव सकरी के पास कोपरा डेम के नजदीक अधजला मिला था। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर छानबीन शुरू की तो पता चला कि मृतक गौरव का कुछ युवकों से दो तीन पहले विवाद हुआ था।

पुलिस ने संदेह के आधार पर इन युवकों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पता चला कि गौरव के साथ इन लोगों का कुछ दिन से झगड़ा चल रहा था। मृतक आये दिन उनसे मारपीट और गाली-गलौज करता था।

घटना की रात इन्होंने गौरव को शराब पीने के बहाने बुलाया और एक ऑटो रिक्शा में कोपरा डेम ले गये। यहां सभी ने शराब पी। वहां उन्होंने बेसबॉल स्टिक, रिंग-पाना तथा सर्जिकल ब्लेड से ताबड़तोड़ प्रहार कर गौरव देशमुख की हत्या कर दी। मृत्यु के बाद पहचान छिपाने के लिये अपने साथ लेकर आये पेट्रोल को छिड़ककर उन्होंने शव में आग लगा दी। इसके पहले मृतक के कपड़े भी उतार लिये गये थे जिनको प्लास्टिक की बोरियों में भरकर उन्होंने हाईवे में अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया।

पुलिस ने तीन आरोपी अनुराग सिंह (33 वर्ष), अर्जुन दास मानिकपुरी (30 वर्ष) तथा अरमान टेंगवार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। दोनों नाबालिगों को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।