दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में ढाबे में काम करने वाले 19 साल के युवक से मारपीट कर लूट की गई। चार आरोपियों ने युवक को बातचीत करने के बहाने ढाबे के पीछे बुलाया। वहां हाथ-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई की। एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जेब में रखे 8500 रुपए और करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल लूटकर भाग गए। शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को न्यायालय में पेश किया गया है।
बातचीत के बहाने ढाबे के पीछे ले गए
पुलिस के मुताबिक, घटना 7 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम इंदावानी निवासी चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी (19) पुलगांव क्षेत्र के एक ढाबे में काम करता है। रात में वह अपने काम में लगा हुआ था। इसी दौरान चारों आरोपी अपने साथियों के साथ ढाबे पर पहुंचे। उन्होंने बातचीत करने के बहाने युवक को ढाबे के पीछे बुलाया।
पैसे मांगे, विरोध करने पर पीटा
ढाबे के पीछे पहुंचते ही आरोपियों ने युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी और पैसों की मांग की। युवक ने विरोध किया तो सभी ने मिलकर हाथ-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई कर दी।
इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसकी जेब में रखे 8500 रुपए और मोबाइल फोन छीनकर भाग गए।
पुलगांव नदी के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
घटना के बाद पीड़ित ने पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में जांच की। इस दौरान आरोपियों के पुलगांव नदी के पास होने की जानकारी मिली। टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
पूछताछ और जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक नाबालिग को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने मामले में रोशन विश्वकर्मा (24), निवासी गायत्री मंदिर के पीछे पुलगांव, संजय तिवारी (25), निवासी शीतला पारा पुलगांव और सोमेश्वर साहू (25), निवासी बजरंग चौक पुलगांव को गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवक को सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट की और हथियार दिखाकर नकदी व मोबाइल लूटा था। मामले में आगे की जांच जारी है।