बालोद जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया (अ) में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बालाजी ट्रेवल्स की दो बसों में आग लग गई

Chhattisgarh Crimesबालोद जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया (अ) में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बालाजी ट्रेवल्स की दो बसों में आग लग गई। दोनों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग रात करीब 1 से 2 बजे के बीच लगी। बसें ड्राइवर नारद चौधरी के घर के सामने खड़ी थीं। आग बसों के पिछले हिस्से से शुरू हुई और तेजी से फैल गई। पास में खड़ी एक अन्य बस को समय रहते हटा लिया गया। बस संचालक दिनेश राठी ने 45 से 50 लाख रुपए के नुकसान की बात कही है। पुलिस को शुरुआती जांच में आग लगाए जाने की आशंका है। संचालक ने भी घटना के पीछे साजिश की आशंका जताई है। आग में जली बसों में एक 50 सीटर टूरिस्ट बस थी। इसे दिनेश राठी ने अप्रैल 2025 में 36 लाख रुपए में खरीदा था। इस बस की हर महीने 70 हजार रुपए की किस्त जमा करनी थी।

दूसरी बस 40 सीटर स्लीपर थी, जिसे वर्ष 2019 में 12 लाख रुपए में खरीदा गया था। दोनों बसों की कुल खरीद कीमत 48 लाख रुपए थी। बस व्यवसाय पर निर्भर है पूरा परिवार

बस संचालक दिनेश राठी ने बताया कि जगह की कमी के कारण वे अपनी बसें ग्राम मटिया (अ) में ड्राइवर नारद चौधरी के घर के सामने खड़ी करते थे। उनका पूरा परिवार बस व्यवसाय पर निर्भर है।

उन्होंने बताया कि पिता पैरालिसिस से पीड़ित हैं और बड़े भाई की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। बुजुर्ग माता-पिता के साथ भाई और अपने परिवार की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। बसें ही परिवार की रोजी-रोटी का सहारा थीं।

दिनेश राठी ने कहा कि आखिर किससे क्या दुश्मनी थी, जो आजीविका के साधन को आग के हवाले कर दिया गया। आग लगाए जाने की आशंका, अपराध दर्ज करेगी पुलिस

अर्जुन्दा थाना प्रभारी नरेश देशमुख ने बताया कि खड़ी बसों में आग लगी है। शुरुआती जांच में आग लगाए जाने की आशंका है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।