बालाघाट में 5 करोड़ के नकली नोट के साथ 8 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

बालाघाट। बालाघाट में नकली नोट की बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5 करोड़ से ज्यादा के नकली नोट मिले हैं। इनमें 10 से लेकर 2 हजार रुपए के नोट हैं। यह गिरोह बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया में नकली नोट चला रहा था। पकड़े गए आरोपियों में 6 बालाघाट और 2 महाराष्ट्र के गोंदिया के हैं। पुलिस को नक्सली कनेक्शन की भी आशंका है। मध्यप्रदेश में संभवत: पहली बार नकली नोट की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है।

बालाघाट के एसपी अभिषेक तिवारी ने रविवार को बताया कि बैहर और बालाघाट नकली नोटों को खपाने की सूचना लगातार मिल रही थी। दो दिनों तक बैहर पुलिस के साथ ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें बालाघाट के छह आरोपियों को 8 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से नकली नोट की सप्लाई होने की बात कही। इसके बाद बालाघाट पुलिस ने गोंदिया पुलिस की मदद से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से नकली नोट की सप्लाई कहां से, कब से कर रहे हैं, जैसे तमाम बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि मार्च 2021 में बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुक्की रोड स्थित बम्हनी चौराहे पर पुलिस ने नकली नोट खपाने की फिराक में घूम रहे चार लोगों को 4.94 लाख के साथ गिरफ्तार किया था। एसपी ने कहा कि इस मामले का 5 करोड़ की नकली नोट के मामले से लिंक हो सकता है। इस संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। तिवारी ने आशंका जताई कि दोनों मामलों में नकली नोटों का सप्लायर एक ही सरगना या गिरोह हो सकता है।

जब्त 5 करोड़ की नकली नोटों में 10 रुपए से लेकर 2 हजार रुपए तक की नकली नोट बरामद की है। 2 हजार के नोट ज्यादा हैं। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में नकली नोट बनाने में स्कैनर या कलर प्रिंटर का या अन्य कोई मशीन का इस्तेमाल किया गया है, इस संबंध में जांच की जा रही है।

नकली नोट के पूरे कारोबार का नेटवर्क बालाघाट जिले के किरनापुर और गोंदिया जिले से जुड़े होने की जानकारी है। पुलिस की अलग-अलग टीम इस मामले में मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए किरनापुर और गोंदिया में जांच में जुटी है।हां से 5 करोड़ से ज्यादा नकली नोट बरामद किए गए हैं।

Exit mobile version