
रायपुर। निगम के अफसरों ने यातायात विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की है। वहीं, फुटपाथ और सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगाने वाले और अपना पसरा दुकान के दायरे से बाहर रखने वालों की सामग्रियों को जब्त किया गया है।
इसके तहत शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों जैसे-मालवीय रोड, शास्त्री बाजार, चांदनी चौक, भाठागांव, फाफाडीह सहित कई अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गई है। जिसमें फुटपाथ और सड़क की सीमा के बाहर दुकान लगाने वाले दो दर्जन से ज्यादा व्यापारियाें, रेहड़ी वालों और पानठेले वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं, निगम के अफसरों का कहना है कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। ताकि लोगों को यातायात की प्रापर सुविधा दी जा सके। साथ ही पैदल चलने वालों को भी पर्याप्त जगह मिल सके।
निगम की ओर से कार्रवाई तो शुरू कर दी गई है, लेकिन इसके अलावा वेंडर्स के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने की दिशा में कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। कई जगहों पर वेंडिंग जोन तय कर दी गई हैं और वहां कितने वेंडर्स को स्थान मिल पाएगा, उनकी संख्या भी तय हो गई है। लेकिन सभी जोनों में अब तक इसके लिए प्रापर व्यवस्था नहीं हो पाई है।
नए कब्जेबाजों से बचना अब भी चुनौती
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुराने कब्जेबाज ताे हैं ही। लेकिन नए वेंडर्स भी अब विभिन्न जगहों पर अपनी दुकानें लगाना शुरू कर रहे हैं। जिसमें खम्हारडीह, जीई रोड सहित कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं। जहां इस तरीके से सड़कों पर ही अवैध तरीके से दुकानें लग रही हैं। ऐसे में नए कब्जेबाजाें से बचना भी निगम के चुनौती हाेगा।
रायपुर नगर निगम जोन-4 आयुक्त हेमंत शर्मा ने कहा, हमारी टीम द्वारा पुलिस बल के साथ मिलकर संयुक्त रूप से अभियान चलाया है। जिसमें मालवीय रोड, शास्त्री बाजार, एवरग्रीन चौक, बैजनाथ पारा सहित कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं। लोगों को सुरक्षित यातायात सुविधा दिलाने की दृष्टि से यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
रायपुर नगर निगम जोन-6 के आयुक्त रमेश जायसवाल ने कहा, हमारे जोन क्षेत्र में भाठागांव, आइएसबीटी मुख्य मार्ग पर कार्रवाई की गई है। दो परिवारों को बीएसयूपी शिफ्ट कर उनके अवैध कब्जे को ढहाया गया है। इसके अलावा व्यापारियों की सामग्रियां भी जब्त की गई है। कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
रायपुर नगर निगम जोन-2 आयुक्त आरके डोंगरे ने कहा, हमारी टीम द्वारा पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त अभियान सोमवार से शुरू किया है। इस दौरान फाफाडीह, स्टेशन रोड सहित कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इस दौरान अवैध वेंडर्स की सामग्रियां जब्त की गई है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रायपुर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा, कार्रवाई एक दिन की नहीं, बल्कि निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई की जानी चाहिए। क्योंकि यह समस्या पूरे शहर की है, लगातार कार्रवाई करने से ही स्थिति सुधर सकती है।