जैव विविधता एंव पर्यावरण संरक्षक बामनसरा का 400 वर्षीय बरगद तोड रहा है दम 

ग्रीन केयर द्वारा मानव श्रंखला बनाकर संरक्षण हेतु की मांग

Chhattisgarh Crimes

बागबाहरा। विश्व पर्यावरण दिवस के परिप्रेक्ष्य में ग्रीन केयर सोसायटी इंडिया द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर बागबाहरा विकासखंड के बामनसरा स्थित उम्रदराज 400 वर्षीय बरगद के संरक्षण हेतु ध्यानाकर्षण के साथ शासन से मांग की है । बरगद के नीचे स्थापित बस्तरिन दाई की विधिवत पूजा कर ग्रीन केयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ विश्वनाथ पाणिग्राही , डॉ विजय शर्मा , गिरवर साहू ,किशन ठाकुर , देवालाल यादव , नंदलाल साहू , पिलउराम ठाकुर , फन्नस ठाकुर एवम ग्राम वासियों ने बरगद के नीचे मानव श्रृंखला बनाई ।

मानव श्रंखला के पश्चात हाथों में बैनर लिए शासन से गुहार लगाई । वहीं से आवाज बुलंद करते हुए डॉक्टर विजय शर्मा ने कहा कि यह उम्र दराज बरगद अब दम तोड रहा है इसके संरक्षण की अत्यंत आवश्यकता है । वर्ष 2012 से निरंतर इस देव वृक्ष के संरक्षण हेतु अभियान का नेतृत्व करने वाले डॉ पाणिग्राही ने कहा जब पहली बार केंपा योजना लागू हुआ तभी इसी योजनांतर्गत संरक्षण की योजना बनी थी ,वन विभाग द्वारा अनेक बार योजना बनाई गई मिजरमेंट किया गया । निजी भूमि में होने के कारण शासकीय स्तर पर संरक्षण हेतु भूमि स्वामिनी मिर्गीन बाई ने वन विभाग के पक्ष में भूमि दान भी किया है लेकिन अभी तक सार्थक परिणाम नहीं मिला है ।

इस वर्ष 22 मई को जैव विविधता दिवस पर अरण्य भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री मोहम्मद अकबर को प्रतिवेदन पूर्ण विवरण सहित दिया ,कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बायोडिवर्सिटी बोर्ड के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी से चर्चा हुई, उन्होंने इसे संरक्षित करने का आश्वासन दिया । इसलिए अब इसके संरक्षण की कुछ संभावनाएं बन रही है । यह बरगद का वृक्ष छत्तीसगढ़ का गौरव वृक्ष बनेगा। साथ ही पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेगी ।