
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ पहुंचे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा है कि नाथूराम गोडसे भारत के सपूत थे। गिरीराज सिंह ने कहा कि गोडसे गांधी के हत्यारे हैं तो वे भारत के सपूत भी हैं। उनका जन्म भारत में ही हुआ था। औरंगजेब और बाबर की तरह नहीं थे। जिसको बाबर के बच्चे कहलाने में खुशी महसूस होती है, वे भारत माता के सही सपूत नहीं हो सकते। बता दें गिरिराज सिंह इन दिनों बस्तर प्रवास पर हैं। वो अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। अधिकारियों के साथ भी केंद्र की योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
मनरेगा के पैसों को लूट रहे
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार केंद्र की योजनाओं को अपना बताती है। प्रधानमंत्री आवास में केंद्र का लोग नहीं लगाया जाता, बल्कि अपना लगाते हैं। मनरेगा के पैसों में लूट मचा रहे हैं। सरपंच और प्रशासन के अधिकारी रो रहे हैं। क्योंकि केंद्र सरकार की तरफ से जो पैसे इन्हें विकास कार्यों की मिलते हैं, उन्हें छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार किसी किसी कारण से अपने तरीके से खर्च करवाती है।
भाजपा की सरकार आई तो बनाएंगे मतांतरण के लिए कानून
गिरिराज सिंह ने दावा किया है कि यदि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आती है तो मतांतरण के लिए कड़े कानून बनाए जाएंगे। यदि कानून के दायरे में रहकर कोई धर्म परिवर्तन करना चाहता है तो करे, लेकिन प्रलोभन देकर या जोर जबरदस्ती कर मतांतरण करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार आतंक फैला रही है। साथ ही लोगों को मतांतरण के लिए मजबूर कर रही है।
कवासी लखमा के बयान पर कहा- ये उनके चरित्र को दर्शाता है
गिरिराज सिंह ने प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा के भाजपा नेताओं को अपशब्द कहने पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह से गालियां देना, उनके चरित्र को दर्शाता है। यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस मामले को संज्ञान में लेना चाहिए। उधर, जगदलपुर में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने लखमा का पुतला फूंका है।
दरअसल, गुरुवार को मंत्री लखमा कांकेर जिले के अंतागढ़ थे। वहां वो मूर्ति अनावरण के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने हल्बी भाषा में भाजपा नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की थी। बस इसी बात का विरोध भाजपा कर रही है। लखमा के बयान पर जंहा कंग्रेस हमलावर हो गई है तो कंग्रेस को भी मुद्दा मिल गया है। दंतेवाड़ा प्रवास पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह गोडसे को भारत का सपूत बोलने पर कंग्रेस हमलावर हो गई है।