PM मोदी UN में बोले- योग कॉपीराइट फ्री : कहा- यह हमारी पुरानी संस्कृति, इसकी वजह से दुनिया भारत के साथ आई

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। अमेरिका के तीन दिन के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी बुधवार को UN हेडक्वार्टर में योग दिवस के कार्यक्रम का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री मोदी ने योग कार्यक्रम में कहा- योग का मतलब है- युनाइट करना यानी साथ लाना। मुझे याद है मैंने यहां 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए पूरी दुनिया भारत के साथ आई।

PM मोदी के साथ 135 देशों के प्रतिनिधियों को योग करते हुए देखा जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि योग भारत की पुरानी संस्कृति है और इस पर किसी का कॉपीराइट नहीं है। UN हेडक्वार्टर में PM मोदी के कार्यक्रम में 135 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारी माइकल एम्परिक ने बताया कि ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले कभी एक साथ इतने देशों के लोगों ने योग नहीं किया था।

कार्यक्रम UN के नॉर्थ लॉन के गार्डन में हुआ। इसमें न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम, शेफ विकास खन्ना, संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी समेत 135 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

UN हेडक्वार्टर में योग पर PM मोदी की कही अहम बातें…

  • PM मोदी ने कहा -योग को घर या बाहर कहीं भी किया जा सकता है। ये फ्लेक्सिबल है। ये सभी संस्कृतियों के लिए है।
  • योग जिंदगी जीने का तरीका है। PM ने कहा कि योग खुद के साथ और दुनिया के साथ शांतिपूर्ण तरीके से रहने का तरीका सीखाता है।
  • पिछले साल भारत के इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स (मोटे अनाज) को लेकर पूरी दुनिया एक साथ आई थी आज योग के लिए पूरी दुनिया को एकजुट हुआ देखकर अच्छा लग रहा है।

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत लॉन में लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की है। इससे पहले पीएम मोदी ने सुबह लोगों को योग दिवस की शुभकामनाएं दी थी।
उन्होंने कहा था- आज योग दिवस पर मैं कई दायित्वों के चलते आप लोगों के बीच नहीं हूं। भले मैं आपके साथ योग नहीं कर रहा हूं, लेकिन मैं योग करने के दायित्व से भाग नहीं रहा हूं। उन्होंने कहा कि योग दुनिया को जोड़ रहा है।

UN के नॉर्थ लॉन में योग करने पहुंचे पीएम मोदी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।