
जगदलपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज जगदलपुर के दौरे पर रहेंगे। वे यहां मिशन ग्राउंड में आम सभा को संबोधित करेंगे। सीएम इस मंच से बस्तर, चित्रकोट और जगदलपुर विधानसभा के प्रत्याशियों के लिए चुनावी माहौल बनाएंगे।
CM भूपेश बघेल के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ शक्ति प्रदर्शन करते हुए इन तीनों प्रत्याशियों जतिन जायसवाल, दीपक बैज और लखेश्वर बघेल के साथ कलेक्टोरेट जाएगी। हालांकि परिसर में तीनों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करते वक्त केवल 5 लोग ही साथ रहेंगे। इसके अलावा जिन दावेदारों का टिकट कटा है, वे बगावत न करें, इसके लिए CM भूपेश बघेल उन्हें समझाइश भी देंगे।
विधायक रेखचंद जैन और राजमन बेंजाम का कटा है टिकट
दरअसल, कांग्रेस ने जगदलपुर विधानसभा से MLA रेखचंद जैन का टिकट काटकर जतिन जायसवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं चित्रकोट से राजमन बेंजाम की जगह दीपक बैज को चुनाव मैदान में उतरा है। बस्तर विधानसभा सीट पर MLA लखेश्वर बघेल को दोबारा मौका दिया गया है। इन सभी सीटों पर अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए आज CM भूपेश बघेल आम सभा के मंच से जनता से वोट मांगेंगे।