कांग्रेस महिलाओं को सालाना देगी 15 हजार रुपये : फूलोदेवी नेताम

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम ने कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर लक्ष्मी पूजा के दिन कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के लिये “छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना” लांच करने का निर्णय लिया। हमारी सरकार बनने के बाद कांग्रेस प्रत्येक महिला को 15 हजार रुपये प्रति वर्ष देगी। इसके लिये किसी महिला को फार्म भरने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा ने महिलाओं से फार्म के साथ मोबाइल नंबर व आधार नंबर भी भरवाकर फार्म को कूड़ा के ढेर में फेंक दिया है। ऐसा कर महिलाओं की निजता का अपमान किया है।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम बुधवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा कर रही थी। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि कांग्रेस का सोच स्पष्ट है। हम महिलाओं को सशक्त स्वावलंबी बनाना चाहते है हम महिलाओं के परिवार को समर्थ स्वस्थ और शिक्षित भी बनाना चाहते है। हमारे घोषणा पत्र में इसका उल्लेख है। हम उनको सक्षम बनाने के लिये गृह लक्ष्मी योजना के साथ उनके खर्च में कटौती के लिये महतारी न्याय योजना में सस्ती गैस सिलेंडर देंगे। उनके परिवारों को 10 लाख रुपये तक इलाज और उनके बच्चों के शिक्षा की व्यवस्था भी कांग्रेस की सरकार करेगी। हम महिला स्व सहायता समूह का कर्ज माफ कर महिलाओं को समर्थ बनायेंगे। हम भाजपा के द्वारा महिलाओं को अंधेरे में रखकर उनका मत हासिल करने के लिये फार्म भरवाने का षडयंत्र की निंदा करते है।

मोदी की गारंटी के बहाने भाजपाइयों ने माता बहनों से फार्म में उनकी निजी जानकारी मोबाइल नंबर, आधार कार्ड कुछ फार्म में उनका एकाउंट नंबर, घर का पता लेकर उसे सड़कों और कचरे के ढेर में फेंक कर महिलाओं के निजता का हनन किया है। उनके जीवन को मान सम्मान को खतरा में डालने का काम किया है। उन्होंने आशंका जताई कि महिलाओं के उक्त मोबाइल नंबर और आधार नंबर का दुरूपयोग असमाजिक तत्व कर सकते है। महिलाओं को सावधान रहने की आवश्यकता है। राज्यसभा सदस्य ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि भाजपा के नेता कार्यकर्ताओं के बहकावे में आकर अपनी निजी जानकारी उन्हें कतई न दे। भाजपा का यह फार्म अवैधानिक है और इसकी गारंटी नहीं है। महिलाओं की निजी जानकारी भी सुरक्षित नहीं है ।