
जगदलपुर। बीमा कंपनी के एक एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, युवक ने फर्जी प्लान बनाकर एक युवक का बीमा किया था। जब सड़क हादसे में युवक की मौत हुई तो उसकी पत्नी ने बीमा की राशि के लिए क्लेम किया। तब पता चला कि उसके नाम कोई बीमा ही नहीं हुआ। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर की रहने वाली एक महिला ने पुलिस में शिकायत की थी कि, शुभम तिवारी (28 वर्ष) बीमा एजेंट है। पति ने शुभम से अपनी वाहन का बीमा करवाया था। 14,300 रुपए बीमा प्रीमियम के रूप में दिए थे। लेकिन, शुभम ने बीमा का कागज लाकर नहीं दिया था। मांगे जाने पर टाल-मटोल कर रहा था।
इस बीच वाहन का एक्सीडेंट हो गया और इसमें पति की मौत हो गई। जब महिला बीमा क्लेम करने के लिए कागज मांगने लगी, तब शुभम ने महिला को बीमा पॉलिसी का मूल कागज न देकर बीमा कागज का कलर फोटो कॉपी दे दिया। कहा कि आप का ओरिजिनल बीमा कागज ऊपर भेज दिया हूं, जिससे आपको बीमा की रकम मिल जाएगी।
पॉलिसी कागज में दिए गए टोल फ्री नंबर पर कॉल कर पूछने पर पता चला कि वह बीमा पॉलिसी फोर व्हीलर की नहीं है। जिसके बाद महिला ने वकील से संबंधित बीमा कार्यालय में पता करवाया, जहां से बीमा पॉलिसी को फर्जी होना बताया गया। जिसके बाद थाने में मामले की शिकायत की गई। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।