नारायणपुर में IED ब्लास्ट, एक जवान शहीद, एक घायल

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर।  नक्सलियों ने नारायणपुर जिले में IED ब्लास्ट किया है। IED की चपेट में आने से एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक जवान घायल है। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बताया जा रहा है कि आमदई खदान के पास CAF के जवान सर्चिंग पर निकले थे, उसी दौरान IED ब्लास्ट हुआ। मामला छोटेडोंगर थाना क्षेत्र का है।

 

ब्लास्ट में शहीद जवान कमेलश साहू जांजगीर-चांपा जिले के हसौद गांव का रहने वाला था। पिछले 3 दिन में हुई अलग-अलग घटनाओं में अब तक 6 जवान घायल हुए हैं, जबकि एक जवान शहीद हुआ है।

सुरक्षाबलों की ओर से भी जवाबी फायरिंग

बस्तर IG सुंदर राज पी ने बताया कि नारायणपुर के थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के आमदाई खदान में करीब 11 बजे नक्सलियों ने IED विस्फोट और फायरिंग की। जवाब में सुरक्षा बलों की ओर से भी फायरिंग की गई। नक्सलियों के हमले में CAF 9वीं वाहिनी का जवान आरक्षक कमलेश कुमार शहीद हो गया। एक आरक्षक विनय कुमार को मामूली चोट आई है, जिनका इलाज चल रहा है। आसपास के इलाके में पुलिस बल, DRG और ITBP जवान सर्चिंग में जुटे हैं।

जानकारी के मुताबिक, आमदई खदान के पास बुधवार सुबह CAF के जवान सर्चिंग पर निकले थे। यहां नक्सलियों ने पहले से ही IED प्लांट कर रखा हुआ था। इसी बीच सर्चिंग के दौरान एक जवान कमलेश कुमार का पैर नक्सलियों की लगाई प्रेशर IED पर आ गया, जिससे जोर का धमाका हुआ।

इस घटना में कमलेश को गंभीर चोट आई, वे मौके पर ही शहीद हो गए। धमाके की चपेट में आने से एक अन्य जवान विनय कुमार को भी चोट आई है। साथी जवानों ने दोनों को फौरन मौके से निकाला और छोटेडोंगर के अस्पताल लेकर आए हैं। जहां घायल जवान का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि, इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।