टायर किलर लगने के बाद भी लोगों का रॉन्ग साइड मूवमेंट नहीं हुआ कम

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर में रॉन्ग साइड गाड़ियों की आवाजाही को रोकने के लिए तेलीबांधा सर्विस रोड में टायर किलर लगाया गया है, जो अब मजाक बनकर रह गया है। टायर किलर लगने के बाद भी लोगों का रॉन्ग साइड मूवमेंट कम नहीं हुआ है। अब पुलिस ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई करेगी। क्योंकि लोग पैरों से टायर किलर को दबाकर वाहन निकाल लेते हैं। जिससे सोशल मीडिया पर ट्रैफिक पुलिस की किरकिरी हो रही है।

ट्रैफिक एएसपी सचिंद्र चौबे ने बताया कि टायर किलर लगाने से चार पहिया वाहनों का रॉन्ग साइड से मूवमेंट कम हो गया है। पहले वो रॉन्ग साइड सर्विस लेन का इस्तेमाल कर एक्सप्रेस-वे रोड में जाते थे। लेकिन अभी यह चीजें बदली हैं। जो दो पहिया वाहन टायर किलर ब्रेकर को अपने पैर से दबाकर गाड़ी निकाल रहे हैं। उन्हें नोटिस भेजकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैफिक एएसपी सचिंद्र चौबे ने बताया कि टायर किलर तेलीबांधा सर्विस लेन के पास भी लगाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद विश्लेषण किया जाएगा। उसके बाद टायर किलर किन स्थानों पर और लगाना है, यह तय किया जाएगा।

तेलीबांधा से केंद्री की ओर जाने वाले एक्सप्रेस-वे में टायर किलर 12 जनवरी को लगाया गया था। महज 6 दिन में ही ब्रेकर दम तोड़ने लगा है। उसका नट बोल्ड उखड़ रहा है। गाड़ी रोकने के लिए लगाए गए दांते और स्प्रिंग भी अच्छे से काम नहीं कर रही हैं।

तेलीबांधा एक्सप्रेस-वे सर्विस लेन पर लगे टायर किलर से हर 15 मिनट में 50 से अधिक गाड़ियां रॉन्ग साइड गुजर रही है। किलर के बीच तीन से चार इंच गैप है, जिस कारण लोग बीच से बाइक आसानी से निकाल रहे हैं।