सिडनी में आस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराकर भारत ने सीरीज पर किया कब्जा

Chhattisgarh Crimes

सिडनी। भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में मिली हार का बदला चुका दिया और टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। सिडनी में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया। भारत ने टी20 फॉर्मेट में लगातार 10वीं जीत दर्ज की।

विराट कोहली ने टॉस जीतकर आस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। कार्यवाहक कप्तान मैथ्यू वेड (58) के अर्धशतक की मदद से मेजबान आॅस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 194 रन बनाए। भारतीय टीम ने फिर 2 गेंद शेष रहते 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हार्दिक पंड्या (42*) ने विजयी सिक्स लगाया।

पंड्या और श्रेयस की नाबाद साझेदारी

स्टार हार्दिक पंड्या ने 42 रन का योगदान दिया और जीत दिलाकर नाबाद पविलियन लौटे। उन्होंने 22 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े जबकि श्रेयस अय्यर (12*) ने 5 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। दोनों ने 5वें विकेट के लिए नाबाद 46 रन की पार्टनरशिप की।

धवन ने जड़ा अर्धशतक, राहुल संग दी तेज शुरूआत

195 रन के मुश्किल टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शिखर धवन और लोकेश राहुल ने तेज शुरूआत दी। राहुल को टीम के 56 के स्कोर पर एंड्रयू टाय ने शिकार बनाया जिन्हें स्वेप्सन ने लपका। राहुल ने 22 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 30 रन बनाए। इसके बाद शिखर धवन ने अपने टी20 इंटरनैशनल करियर की 11वीं फिफ्टी जड़ी। उन्हें एडम जम्पा की गेंद पर स्वेप्सन ने कैच किया। धवन ने 36 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए।

खराब शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए विराट

कैप्टन विराट कोहली(40) एक समय जम चुके थे लेकिन डैनियल सैम्स की गेंद पर खराब शॉट खेल बैठे और उन्हें स्टीव स्मिथ ने लपक लिया। विराट ने 24 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्के जड़े। संजू सैमसन ने 15 रन बनाए जिन्होंने 10 गेंदों पर 1 चौका और 1 छक्का जड़ा।

आॅस्ट्रेलिया ने दिया 195 रन का टारगेट

कार्यवाहक कप्तान मैथ्यू वेड की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत आॅस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 194 रन बनाए। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद चोटिल आरोन फिंच की अनुपस्थिति में टीम की अगुआई कर रहे वेड ने 32 गेंद में 58 रन बनाए जबकि स्टीव स्मिथ ने 38 गेंद में 46 रन का योगदान दिया। मेहमानों के लिए टी नटराजन ने अपने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए।