IG और SSP ने जिले के पुलिस अफसरों और थाना इंचार्ज की बैठक में दिए निर्देश; थानेदारों को पब्लिक से करना होगा अच्छा व्यवहार

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर रेंज के IG अमरेश मिश्रा और रायपुर SSP संतोष सिंह ने जॉइनिंग के पहले दिन जिले के पुलिस अफसरों और थानेदारों की बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने जिले के लॉ एंड ऑर्डर को दुरुस्त करने के साथ-साथ थाना इंचार्जों को लोगों से अच्छा व्यवहार करने की नसीहत दी।

ये बैठक सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में ली गई। इसमें रायपुर के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद थे। बैठक की शुरुआत में सबका इंट्रोडक्शन लिया गया, फिर नवनियुक्त IG और SSP ने पुलिसिंग को सख्त करने और सूखे नशे के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने नशे के सप्लाई चेन के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए कहा है। साथ ही अवैध रूप से शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों पर एक्शन लेने को कहा है, ताकि इसे पूरी तरह से बंद किया जा सके। SSP ने नशे के खिलाफ निजात अभियान जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

IG अमरेश मिश्रा और SSP संतोष सिंह ने थानेदारों को कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। साथ ही हर दिन शाम को पैदल पेट्रोलिंग कर विजिबिल पुलिसिंग को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने थाना क्षेत्र में किसी भी तरह की घटना होने पर उस पर तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया है।

इस बैठक में IG और SSP ने साफ शब्दों में कहा है कि जुआ और सट्टा को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाए। अगर इसमें कोई भी अधिकारी या कर्मचारी संलिप्त मिलता है या आरोपी को प्रश्रय देता है, तो इसके खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया जाएगा।