- आवाजाही करने वालों को हो रही भयंकर परेशानी
- बड़े-बड़े गड्ढे उखड़ा हुआ डामर से चलना हुआ मुश्किल

पूरन मेश्राम/मैनपुर। विकासखंड मुख्यालय मैनपुर से लगभग 32 किलोमीटर की दूरी पर बसा हुआ वनांचल राजापड़ाव क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोचेंगा से भाँठापानी लंबाई 3.950 किलोमीटर के पक्की डामरी कृत सड़क 2019 मे लागत 99.9 लाख रुपये से ग्रामीण विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा बनाया गया था। लेकिन ठेकेदार के द्वारा लापरवाही पूर्वक सड़क को बनाए जाने के कारण आज सड़क की हालात बद से बदतर हो गई है। गारंटी अवधि मे भी पक्की सड़क के डामर, गिट्टी जगह-जगह उखड़ कर गढ्ढा नुमा जर्जर सड़क की स्थिति हो गई है।

दो पहिया वाहनों से चलने वाले ग्रामीणों के लिए यह सड़क परेशानी से कम नहीं है। सुदूर वनांचल क्षेत्रो में निर्माण कार्य अमूमन भ्रष्टाचारियों का भेंट चढ़ जाता है। जिम्मेदारों के द्वारा समय पर निरीक्षण नहीं होने का फायदा ठेकेदारों द्वारा भरपूर उठाया जाता है। क्षेत्र वासियों के द्वारा जर्जर सड़क के मरम्मत तत्काल ठेकेदार के द्वारा कराये जाने का मांग जिला के कलेक्टर से किया है।
