CM साय बोले-कांग्रेस की जमानत जब्त करानी है; भूपेश ने कहा-लोकतंत्र खत्म करना चाहती है बीजेपी

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट पर नामांकन के आखिरी दिन बीजेपी-कांग्रेस ने अपनी ताकत दिखाई। जगदलपुर में दोनों पार्टियों की नामांकन रैली में जबरदस्त उत्साह दिखा। बीजेपी की सभा को संबोधित करते हुए सीएम विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस की जमानत जब्त करानी है।
इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस महादेव के नाम पर जुआ-सट्टा खिला रही है। पता नहीं अभी कितने लोग जेल जाएंगे। केजरीवाल तो जेल गए, छत्तीसगढ़ में पता नहीं कितने लोग जेल जाएंगे। सभा शुरू होने से ठीक पहले जगदलपुर मेयर सफीरा साहू और 6 कांग्रेस पार्षदों समेत 15 सौ से ज्यादा कांग्रेसियों ने बीजेपी जॉइन की।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ दीपक बैज की मौजूदगी में पर्चा दाखिल किया। इसके बाद लाल बाग मैदान में नामांकन सभा आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी की वजह से लोकतंत्र पर खतरा बना हुआ है।
इन प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
- प्रत्याशी का नाम पार्टी
- कवासी लखमा कांग्रेस
- महेश राम कश्यप भाजपा
- नरेंद्र बुरका हमरराज
- कवलसिंह बघेल राष्ट्रीय जनसभा पार्टी
- आयतूराम मंडावी बसपा
- फूलसिंग कचलाम सीपीआई
- शिवराम नाग सर्व आदि दल
- सुंदर बघेल निर्दलीय
- टीकम नागवंशी गोड़वाना गणतंत्र पार्टी
- जगदीश प्रसाद नाग आजाद जनता पार्टी
- प्रकाश कुमार गोटा स्वंतत्र दल
- राजा राम नाग भारतीय साक्षर पार्टी
मेयर सफीरा समेत कई कांग्रेसी बीजेपी में शामिल
महेश कश्यप के नामांकन से पहले आयोजित नामांकन सभा में जगदलपुर मेयर सफीरा साहू समेत 1500 से ज्यादा कांग्रेसी बीजेपी में शामिल हो गए। सीएम विष्णु देव साय ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जगदलपुर मेयर समेत हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हुए हैं। सभी का स्वागत है।
कवासी लखमा ने दाखिल किया नामांकन
नामांकन रैली से ठीक पहले बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कवासी लखमा ने नामांकन फॉर्म दाखिल कर दिया है। इस मौके पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ दीपक बैज मौजूद रहे।
साय बोले- मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है
नामांकन रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महेश कश्यप को आशीर्वाद दें। वे आप लोगों के बीच के हैं। लंबे समय से जनसेवा में लगे हुए हैं। संस्कृति की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। मोदी की गारंटी पर भरोसा कर आपने छत्तीसगढ़ में बीजेपी को आशीर्वाद दिया है।