समलैंगिक रिश्‍ते में हत्‍या, दोस्‍त संग पहले पी शराब, विवाद हुआ तो कर दी हत्‍या, ऐसे सुलझी खौफनाक मर्डर की गुत्‍थी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। 18 मई मंगलवार की सुबह तकरीबन 10 बजे का वक्‍त रहा होगा। छत्‍तीसगढ़ के दुर्ग जिले के वैशालीगनर इलाके में सायरन बजाती हुई पुलिस की गाड़ी दाखिल हुई। खबर मिली थी कि घर के एक कमरे में युवक की लाश पड़ी है। कुछ ही देर में पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा किया और पोस्‍टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

अब सवाल उठा कि आखिर किसने हत्‍या की वारदात को अंजाम? हत्‍या की वजह क्‍या थी? सवाल बहुत थे। दुर्ग पुलिस सवालों में उलझी थी। इसी दौरान मृतक युवक की दादी ने बताया कि सोमवार की रात उसके पोते के साथ उसका एक दोस्‍त आया था। वो रातभर यहां रूका था।

सबसे पहले काम वाली बाई ने देखी वेदांत की लाश

दादी ने बताया कि वेदांत रातभर अपने दोस्त के साथ अपने कमरे में था। सुबह नौ बजे से पहले उसका दोस्‍त घर छोड़कर चला गया। करीब नौ बजे जब कमरे की सफाई के लिए काम वाली बाई वहां गई तो वेदांत की लाश जमीन पर पड़ी हुई थी। उसके मुंह से खून निकल रहा था। काम वाली बाई ने मुझे घटना की जानकारी दी।

दरअसल, 24 साल का वेदांत शर्मा वैशाली नगर में अपनी दादी के साथ रहता था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और मां जगदलपुर के डीएवी स्कूल में टीचर है। वेदांत फिलहाल बेरोजगार था, लेकिन पहले वो एमआर की नौकरी करता था।

पुलिस को मोबाइल से मिला पहला सुराग

इधर, पुलिस ने वेदांत के कातिल की तलाश शुरू कर दी। लेकिन पुलिस की परेशानी उस वक्‍त बढ़ गई जब दादी ने बताया कि उसके दोस्त के बारे में कुछ नहीं जानती है। इसके बाद पुलिस ने सबसे पहले वेदांत के मोबाइल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंंगाला। उसकी कॉल डिटेल निकाली गई।

इस बीच पुलिस को वेदांत के मोबाइल से पहला सुराग मिला। वेदांत के मोबाइल में पुलिस को एक ऐसा समलैंगिकों का सोशल नेटवर्किंग एप मिला। इसके बाद पुलिस को कहानी धीरे-धीरे समझ में आने लगी। पुलिस ने एप से वेदांत के अकाउंट से चैट की डिटेल निकाली।

तीन दिन ही पुलिस ने वेदांत की हत्या की गुत्थी सुलझा ली। इस हत्याकांड में कामधेनु विश्वविद्यालय के 21 वर्ष के छात्र अनमोल राणा छात्र की एंट्री होती है। हरियाणा के जिला करनाल अनमोल असंध थाना के ग्राम सालवन का रहने वाला है और कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा का छात्र है और वर्तमान में विद्यागिरी हास्टल अंजोरा में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने अनमोल को किया गिरफ्तार

पुलिस ने संदेह के आधार पर अनमोल को गिरफ्तार किया। फिर पुलिस ने अनमोल से पूछा मामला क्‍या है? पुलिस की सख्‍ती के बाद अनमोल टूट गया। इसके बाद अनमोल पुलिस के सामने वो सच उगला जिसे सुनकर शायद आपके पैरों तले से भी जमीन खिसक जाए। दरअसल, वेदांत की हत्‍या की मुख्‍य वजह समलैंगिक संबंध था। अनमोल ने पुलिस को बताया कि वो और बेदांत समलैंगिक थे।

दोनों की एक समलैंगिक ऐप पर पहचान हुई थी। दोनों घंटों एप के जरिए बातचीत करते। इस बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई। इस दौरान वेदांत और अनमोल ने मिलने की योजना बनाई। 17 जून सोमवार की रात को दोनों पहली बार मिले। साथ में दोनों ने शराब पी।

इसके बाद दोनों ने अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाए और उसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। जिसके चलते अनमोल ने वेदांत की गला घोंटकर हत्या कर दी। ये हत्याकांड की घटना हुई है। वैशाली नगर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की है।

इतना ही नहीं जांच में पता चला कि आरोपित अनमोल राणा की वेदांत के अलावा सेक्टर-4 के भी एक युवक से दोस्ती थी। वेदांत की हत्या के बाद आरोपित अनमोल वहां से निकला और सेक्टर-4 निवासी दोस्त से मिला। इसके बाद उन दोनों के बीच भी अप्राकृतिक संबंध बने। इसके बाद वो अपने हास्टल चला गया था।