
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साल 2020 के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन पर नजर रख रहे सौदान सिंह को हटा कर उनके स्थान पर शिव प्रकाश को जिम्मेदारी सौंपी है। सौदान सिंह छत्तीसगढ़ में पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
श्री नड्डा ने उन्हें अब हरियाण, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह का केन्द्र चंडीगढ़ होगा। छत्तीसगढ़ में अब संगठन पर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश नजर रखेंगे। उनका मुख्यालय भोपाल होगा। शिव प्रकाश को छत्तीसगढ़ के साथ ही मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की भी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। पार्टी के संगठक वी. सतीश को दिल्ली स्थित संसदीय कार्यालय का समन्वय देखने के साथ ही एससी/एसटी मोर्चा का समन्वय कार्य देखने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने 31 दिसंबर 2020 को यह निर्देश जारी किया है।