बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में फोर्स का ऑपरेशन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार दोपहर खबर आई की जवानों ने तेलंगाना स्टेट कमेटी के मेंबर और 25 लाख के इनामी आदेलु उर्फ भास्कर को ढेर कर दिया है। भास्कर तेलंगाना की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था। वह कई बड़े हमलों का मास्टर माइंड भी था। लगातार दूसरे दिन एक के बाद एक बड़े नक्सलियों के ढेर होने से नक्सल संगठन में जबरदस्त हड़कंप मच गया।
खूंखार नक्सली माना जाता था भास्कर
भास्कर नक्सलियों की महत्वपूर्ण आदिलाबाद जिला कमेटी का सचिव था और खूंखार नक्सली माना जाता रहा। नेशनल पार्क इलाके में कल से चल रही सर्चिंग के लिए डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा जवानों का सामना शुक्रवार को नक्सलियों से फिर हो गया था। करीब तीन घंटे की गोलीबारी के बाद सर्चिंग में आदेलु उर्फ भास्कर का शव मिला और पहचान भी हो गई।
लगातार बड़े नक्सली लीडर मारे जा रहे
इससे पहले 21 मई को हुई मुठभेड़ में 27 नक्सली मारे गए। इसमें 1.5 करोड़ का इनामी बसवा राजू भी था।
21 मई की मुठभेड़ से 7 दिन पहले पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्रेगुट्टा ऑपरेशन की भी जानकारी दी थी। इसमें 31 नक्सलियों को मार गिराया था।