छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन की घोषणा की है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भानु प्रताप सिंह ने जशपुर में पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में 10,463 स्कूलों को बंद करने जा रही है।
भानु प्रताप सिंह ने बताया कि इस फैसले से न सिर्फ शिक्षक प्रभावित होंगे। स्कूलों में काम करने वाले रसोइए, भृत्य, सफाईकर्मी और मध्यान्ह भोजन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूह भी इससे प्रभावित होंगे।
उन्होंने कहा कि सरगुजा और बस्तर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। इन क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि दर्ज संख्या के आधार पर स्कूल संचालन से कई बच्चे प्राथमिक शिक्षा से वंचित रह जाएंगे।
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती का वादा किया था। लेकिन अब युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10 हजार शिक्षकों का पद समाप्त किया जा रहा है।
इस दौरान पूर्व विधायक विनय भगत, प्रदेश सचिव हीरूराम निकुंज, जिलाध्यक्ष मनोज सागर यादव समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।