दुर्ग जिले में दो अलग-अलग कुओं से महिला और बच्चे के शव बरामद हुए

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में दो अलग-अलग कुओं से महिला और बच्चे के शव बरामद हुए हैं। दोनों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और कपड़े में लपेटकर कुएं में फेंका गया था। शवों के साथ मिट्टी और पत्थर भी बांधे गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही अमलेश्वर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

यह घटना पाटन ब्लॉक अंतर्गत अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया (कुरूद डीह) का है। अमलेश्वर थाना की पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खम्हरिया में आसपास दो कुओं में दो शव बरामद हुए हैं।

दोनों शवों के हाथ-पैर बंधे हुए थे

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस तो देखा कि दोनों शव 25-30 मीटर की दूरी पर स्थित दो कुओं से मिले। दोनों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और कपड़े में लपेटकर कुएं में फेंका गया था। शवों के साथ मिट्टी और पत्थर भी बांधे गए थे।

प्रारंभिक जांच में एक शव करीब 30-35 साल की महिला का है, जबकि दूसरा 10-12 साल के बच्चे का बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है।

हत्या या आत्महत्या, जांच के बाद पता चलेगा

अमलेश्वर पुलिस के अनुसार, शव एक दिन पुराने हो सकते हैं। यह हत्या है या आत्महत्या, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर यह मामला सामने आया है।

जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग के एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि थाना अमलेश्वर के ग्राम अमरिया में 25-30 मीटर की दूरी पर दो अलग-अलग कुएं में दो शव पाए गए हैं। दोनों ही शवों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसमें पत्थर और मिटटी भी भरा हुआ था। इसमें एक शव महिला (30-35 साल) और दूसरा शव बच्चे (10-12 साल) का है।

मौके पर मौजूद पुलिस और एफएससल की टीम जांच कर रही है। अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। दोनों ​ही शव को मर्चुरी में रखा गया है। शव की पहचान के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है शव एक दिन पुराना है। पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।