युमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। बीजापुर जिले के ग्राम गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का डंप बरामद किया है। इसमें नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले हैं। इसके अलावा बैटरी, चार्जर, टॉर्च, मेडिकल सामान और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी जब्त की गई हैं। मामला उसूर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों ने सामान छिपाकर रखा है। इसके बाद संयुक्त सुरक्षा बल ने इलाके में सर्चिंग शुरू की।
22 नवंबर को उसूर थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में तलाशी के दौरान यह डंप मिला।
■ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस समेत कई सामान जब्त
बरामद सामान में नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा, सोल्डरिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, बैटरी, चार्जर, टॉर्च, एलईडी लैंप और मल्टीमीटर शामिल हैं। इसके अलावा मेडिकल और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान भी मिला है।
पुलिस ने बताया कि मामले में उसूर थाने में जरूरी कानूनी कार्रवाई की गई है। जब्त सामान की जांच की जा रही है।
बीजापुर पुलिस के मुताबिक, जिले में नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और डी-माइनिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जंगल या आसपास कहीं भी संदिग्ध सामान या विस्फोटक दिखे तो उसे न छुएं। इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने या सुरक्षा कैंप में दें।