छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रविवार को टमाटर से भरी पिकअप और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद पिकअप वाहन पलट गया और उसमें लदे टमाटर खेत में बिखर गए। कई क्विंटल टमाटर का नुकसान हुआ।
हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के देमार पेट्रोल पंप के पास हुआ। दो वाहनों में टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया, जबकि पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के ड्राइवरों को हल्की चोटें आई। गनीमत रही कि स्कॉर्पियो ड्राइवर ने सीट बेल्ट पहना हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई।
टमाटर खेत में फैले, स्थानीय लोगों ने की मदद
पिकअप वाहन में भारी मात्रा में टमाटर लोड थे, जो टक्कर के बाद खेत में गिर गए। आसपास के लोगों ने पहुंचकर मदद की और टमाटर को दोबारा लोड करवाया। हादसे में कई क्विंटल टमाटर बर्बाद हो गए हैं।
सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने की व्यवस्था
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को सामान्य करवाया। टक्कर के बाद मौके पर भीड़ जुट गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।